

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Congress seeks inquiry into Bastar Pandup expenses.
बस्तर पंडुप के आयोजन में हुए खर्च को लेकर कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने इस आयोजन में टेंट, पंडाल, फूल-माला और अन्य व्यवस्थाओं पर करोड़ों रुपए खर्च किए जाने का आरोप लगाते हुए इसे भ्रष्टाचार और फिजूलखर्ची बताया है। वहीं भाजपा प्रदेश प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कांग्रेस के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए इस आयोजन को आदिवासी संस्कृति और लोक परंपराओं के सम्मान का मंच बताया है।
दीपक बैज ने यह दावा किया है, कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के आगमन के दौरान टेंट, कुर्सी और पंडाल आदि की व्यवस्था पर छह करोड़ 14 लाख रुपए से अधिक खर्च किए गए। उन्होंने फूल-माला पर 28 लाख, ग्रीन रूम पर 42 लाख, कपड़े की साइड वॉल पर 44 लाख और कारपेट पर 33 लाख रुपए खर्च होने का दावा किया। आगे बैज ने कहा, कि बस्तर के ग्रामीणों की बुनियादी जरूरतों और क्षतिग्रस्त सड़कों-पुलों की मरम्मत पर ये राशि खर्च की जानी चाहिए थी। उन्होंने इस आयोजन को सरकार का आत्मप्रचार बताते हुए खर्च की जांच की मांग उठाई है।
इसपर पलटवार करते हुए भाजपा प्रवक्ता देवलाल ठाकुर ने कहा, कि बस्तर पंडुप कोई राजनीतिक आयोजन नहीं, बल्कि लोक कलाकारों, पारंपरिक वादकों, शिल्पकारों और जनजातीय संस्कृति को मंच देने वाला आयोजन है। इस आयोजन में पारदर्शी प्रक्रिया और ई-टेंडरिंग के जरिए खर्च किया गया है। कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए देवलाल ठाकुर ने कहा, कि हर सांस्कृतिक आयोजन के खर्च को भ्रष्टाचार बताना उचित नहीं है। उन्होंने कांग्रेस पर बस्तर की संस्कृति और आदिवासी सम्मान को राजनीतिक मुद्दा बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, कि दीपक बैज की आदिवासियों और बस्तर की अस्मिता का अपमान करने की पुरानी आदत है।