

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Cries of joy echo again in Kuno: Gamini gives birth to three cubs, bringing the number of cheetahs in the country to 38.
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के श्योपुर स्थित कूनो नेशनल पार्क से वन्यजीव संरक्षण के मोर्चे पर बड़ी खुशखबरी आई है। दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता ‘गामिनी’ ने बुधवार को तीन स्वस्थ शावकों को जन्म दिया। गामिनी दूसरी बार मां बनी है। इससे पहले 10 मार्च 2024 को उसने छह शावकों को जन्म दिया था, जिनमें से पांच जीवित हैं।
नए शावकों के जन्म के साथ भारत में जन्मे जीवित शावकों की संख्या बढ़कर 27 हो गई है, जबकि देश में कुल चीता आबादी अब 38 तक पहुंच गई है। वन विभाग के मुताबिक सभी नवजात स्वस्थ हैं और विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है।
7 फरवरी को ‘आशा’ ने दिए थे पांच शावक
गौरतलब है कि 7 फरवरी को कूनो में चीता ‘आशा’ ने पांच शावकों को जन्म दिया था। यह कूनो में चीतों का नौवां सफल प्रसव है। फिलहाल कूनो में चीता और शावकों की कुल संख्या 35 हो गई है, जबकि तीन चीते गांधीसागर अभयारण्य में हैं।
प्रोजेक्ट चीता को मिल रही मजबूती
लगातार मिल रही प्रजनन सफलताएं प्रोजेक्ट चीता की प्रभावशीलता को दर्शाती हैं। अधिकारियों का कहना है कि फील्ड स्टाफ और पशु चिकित्सकों की समर्पित निगरानी के कारण चीतों का अनुकूलन और प्रजनन सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रहा है। हर नया जन्म इस महत्वाकांक्षी परियोजना को नई ऊर्जा दे रहा है।
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री ने जताई खुशी
केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेंद्र यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इसे नई शुरुआत बताया। उन्होंने कहा कि दक्षिण अफ्रीका से चीतों के आगमन के तीन वर्ष पूरे होने के अवसर पर यह उपलब्धि परियोजना की मजबूत नींव का प्रमाण है। वहीं मोहन यादव ने भी प्रदेशवासियों के साथ खुशी साझा करते हुए इसे वन्यजीव संरक्षण और जैव विविधता की दिशा में ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।
28 फरवरी को आएंगे 8 और चीते
इस महीने के अंत में कूनो का कुनबा और बढ़ने वाला है। 28 फरवरी को बोत्सवाना से आठ चीते दो वयस्क मादा और छह नर भारत लाए जाएंगे। इस अवसर पर द्रौपदी मुर्मु और बोत्सवाना के राष्ट्रपति डुमा बोका के उपस्थित रहने की संभावना है।