

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Crime prevention drive... Villagers voluntarily handed over 15 weapons to the police.
रायपुर। अपराध पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प' अभियान के तहत धरसीवां इलाके में ग्रामीणों ने सराहनीय पहल की है। ग्रामीणों ने स्वेच्छा से 15 चाकू, तलवार और छुरी पुलिस के सुपुर्द किए। पुलिस की ओर से लगातार लोगों को अनावश्यक रूप से हथियार रखने के संभावित खतरों के बारे में जागरूक किया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक 'सेवा संकल्प' अभियान के दौरान गांवों में सरपंच, जनप्रतिनिधियों, युवाओं और आम ग्रामीणों के साथ संवाद किया जा रहा है। लोगों को समझाया जा रहा है कि मामूली विवाद, कहासुनी या गुस्से की स्थिति में आसपास रखा कोई हथियार बड़ी घटना का कारण बन सकता है।पुलिस की अपील के बाद ग्रामीणों ने आगे बढ़कर अपने पास मौजूद ऐसे हथियार पुलिस को सौंप दिए। अधिकारियों ने बच्चों और युवाओं को हथियारों से दूर रखने की सलाह दी है। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने की अपील की जा रही है।
इधर, रायपुर नार्थ जोन पुलिस ने रविवार को चार थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए 12 लोगों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। पुलिस ने आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखने के उद्देश्य से आठ गुंडा और निगरानी बदमाशों को भी थाने बुलाकर पूछताछ की।उरला थाना क्षेत्र में छह लोगों पर कार्रवाई की गई। पंडरी और खम्हारडीह थाना क्षेत्र में एक एक व्यक्ति के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई हुई। वहीं गुढियारी थाना क्षेत्र में तीन अलग अलग मामलों में चार लोगों पर कार्रवाई की गई।
खम्हारडीह पुलिस ने आठ गुंडा और निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। पुलिस ने पूछताछ के दौरान उन्हें आपराधिक गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी।पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराध की रोकथाम के लिए इस तरह की कार्रवाई के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी आगे भी जारी रखी जाएगी।