

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major GST crackdown on a Gutkha factory in Kumhari... 30 sacks of finished goods and two machines seized... scrutiny of documents underway.
रायपुर। दुर्ग जिले के कुम्हारी में गुटखा निर्माण से जुड़ी एक फैक्ट्री पर रविवार को सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की टीम ने छापा मारा। स्टेशन चौक क्षेत्र में हुई इस कार्रवाई के दौरान टीम को मौके से सितार कंपनी का गुटखा मिला। अधिकारियों ने करीब 30 बोरे तैयार गुटखा और दो मशीनें जब्त की हैं।कार्रवाई के दौरान गुटखा बनाने में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री के साथ कई कारोबारी दस्तावेज भी टीम ने अपने कब्जे में लिए। जब्त सामान और कागजात को आगे की जांच के लिए रायपुर लाया गया है। हालांकि, देर शाम तक जीएसटी विभाग की ओर से कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, सेंट्रल जीएसटी इंटेलिजेंस की करीब 10 से 12 अधिकारियों वाली टीम ने फैक्ट्री और संबंधित परिसर में कई घंटे तक जांच की। इस दौरान वहां मौजूद स्टॉक, मशीनों और निर्माण सामग्री का जायजा लिया गया।बताया गया है कि यह गोदाम सुरेश गुप्ता का है। हालांकि, कारोबार से जुड़ी वास्तविक कर देनदारी और जब्त सामग्री के मूल्य का आकलन दस्तावेजों की विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
जीएसटी टीम ने कारोबारी गतिविधियों से जुड़े कई रिकॉर्ड अपने जांच दायरे में लिए हैं। खरीद-बिक्री के दस्तावेज, स्टॉक का हिसाब, टैक्स रिकॉर्ड और दूसरे व्यावसायिक कागजातों की पड़ताल की जा रही है।अधिकारी यह भी जांच रहे हैं कि फैक्ट्री में गुटखा निर्माण और उसकी खरीद-बिक्री से जुड़े कारोबार में जीएसटी नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
फिलहाल विभाग की ओर से यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि जांच में टैक्स चोरी या किसी अन्य तरह की अनियमितता सामने आई है या नहीं। अधिकारियों के अनुसार, जब्त दस्तावेजों और रिकॉर्ड की जांच के बाद ही वास्तविक मूल्य तथा संभावित कर देनदारी का आकलन किया जा सकेगा।