

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

SBI kiosk operator arrested in Dhamtari; accused of defrauding account holders of over ₹1 crore.
धमतरी। भखारा पुलिस ने बैंक खाताधारकों से कथित धोखाधड़ी और बड़ी रकम के गबन के मामले में SBI कियोस्क संचालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी ने लंबे समय तक कियोस्क के माध्यम से खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता की। मामले में कुल ₹1,00,75,717 की राशि के गबन का आरोप सामने आया है।
पुलिस अधीक्षक धमतरी भावना पांडेय के निर्देशन में वित्तीय धोखाधड़ी और अनियमितताओं के मामलों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भखारा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान केशव राम साहू (40 वर्ष), पिता हेमलाल साहू के रूप में हुई है। वह मूल रूप से बालोद जिले के देवकोट का रहने वाला है और वर्तमान में रायपुर के बोरिया खुर्द स्थित अर्जुन विहार में रहता है।
पुलिस के मुताबिक धमतरी स्थित NICT Technologies Pvt. Ltd. भारतीय स्टेट बैंक (SBI) के अनुबंध के आधार पर ग्राहक सेवा केंद्र यानी कियोस्क का संचालन कराती है। ग्राम कोरा में कियोस्क संचालन की जिम्मेदारी आरोपी केशव राम साहू को दी गई थी।
मामले में संस्था के डिस्ट्रिक्ट मैनेजर जुगलकिशोर ने भखारा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी पर 27 अगस्त 2015 से 29 नवंबर 2025 के बीच SBI खाताधारकों के साथ वित्तीय अनियमितता करने का आरोप है। पुलिस के मुताबिक धोखाधड़ी और कूटरचना के माध्यम से कुल ₹1,00,75,717 की राशि का गबन किए जाने की बात सामने आई।
शिकायत के आधार पर भखारा थाने में बीएनएस की धारा 318(4), 338 और 336(3) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने संदेही केशव राम साहू की तलाश कर उसे हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया।
आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर पुलिस ने ग्राम कोरा स्थित कियोस्क सेंटर से Lenovo कंपनी का एक लैपटॉप और 29 हितग्राहियों के फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) बॉन्ड पेपर गवाहों की मौजूदगी में जब्त किए।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान आरोपी के खिलाफ अपराध से संबंधित पर्याप्त साक्ष्य मिले। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर न्यायालय कुरूद के समक्ष पेश किया गया, जहां से आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में वित्तीय लेनदेन और अन्य संबंधित दस्तावेजों की भी जांच कर रही है।