

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Network behind multi-crore scam involving 'black currency' exposed... Police nab two more accused... Total arrests reach 11.
रायपुर। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में वाश एंड वाश यानी ब्लैक करेंसी के नाम पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के दो और सदस्यों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है।पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान रामायण सिंह उर्फ अभिषेक सिंह उम्र 39 वर्ष और दीपक सिंह उम्र 46 वर्ष के रूप में हुई है। दोनों पर इस ठगी के नेटवर्क से जुड़े होने का आरोप है।
इस मामले में पुलिस इससे पहले नौ आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी थी। उनके कब्जे से चार करोड़ रुपये से अधिक की नकदी के अलावा कई मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, नोट के आकार के काले कागज, कांच की प्लेट और अन्य सामग्री व दस्तावेज बरामद किए गए थे।पुलिस ने बरामद सामान की कुल कीमत करीब 4.02 करोड़ रुपये बताई है। शुरुआती कार्रवाई के बाद जांच को आगे बढ़ाते हुए गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ की गई और उनके मोबाइल फोन तथा दूसरी डिजिटल सामग्री की तकनीकी जांच भी कराई गई।
तकनीकी जांच के दौरान पुलिस को रामायण सिंह और दीपक सिंह की कथित संलिप्तता से संबंधित अहम जानकारी मिली। इसके बाद एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा तेलीबांधा पुलिस की टीम ने दोनों की तलाश शुरू की।पुलिस ने तकनीकी निगरानी के आधार पर दोनों की लोकेशन का पता लगाया और इसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार रामायण सिंह महाराष्ट्र के पालघर जिले के विरार वेस्ट इलाके का रहने वाला है, जबकि दीपक सिंह मीरा रोड क्षेत्र में रहता है।दोनों से अब ठगी के नेटवर्क, उनकी भूमिका और मामले से जुड़े दूसरे लोगों के संबंध में पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस गिरोह की गतिविधियां किन अन्य इलाकों तक फैली थीं और ठगी से जुड़े पैसों तथा दूसरे संसाधनों का इस्तेमाल किस तरह किया जाता था।