

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

DK Shivakumar becomes new Chief Minister of Karnataka, takes oath at Lok Bhavan
बेंगलुरु। कर्नाटक को नया मुख्यमंत्री मिल गया है। कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने बुधवार को मुख्यमंत्री पद और गोपनीयता की शपथ ली। बेंगलुरु स्थित लोक भवन में आयोजित भव्य समारोह में राज्यपाल थावर चंद गेहलोत ने उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई।
जी परमेश्वर बने उपमुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री के साथ ही वरिष्ठ कांग्रेस नेता जी परमेश्वर ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली। इसके अलावा पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र सहित 12 विधायकों को मंत्रिमंडल में शामिल किया गया। सभी मंत्रियों ने मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ शपथ ग्रहण की।
शपथ ग्रहण समारोह में जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता
शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी रही। कार्यक्रम में राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खर्गे और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया विशेष रूप से उपस्थित रहे। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश, तेलंगाना और केरल के मुख्यमंत्रियों ने भी समारोह में हिस्सा लिया।
सभी धर्मों के संतों का लिया आशीर्वाद
शपथ लेने से पहले मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने विभिन्न धर्मों के संतों और धार्मिक नेताओं का आशीर्वाद लिया। समारोह स्थल पर पहुंचे संतों का उन्होंने अभिवादन किया और उनसे शुभकामनाएं प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान धार्मिक सौहार्द और सामाजिक समरसता का संदेश भी देखने को मिला।
मंत्रिमंडल गठन में साधा जातीय संतुलन
नई सरकार के मंत्रिमंडल में जातीय और सामाजिक समीकरणों का विशेष ध्यान रखा गया है। वोक्कालिगा, लिंगायत और दलित समुदायों से तीन-तीन नेताओं को मंत्री पद दिया गया है। वहीं कुरुबा समुदाय से दो मंत्रियों को जगह मिली है।
इसके अलावा अनुसूचित जनजाति, मुस्लिम और ईसाई समुदाय को भी प्रतिनिधित्व देते हुए एक-एक मंत्री पद प्रदान किया गया है। कांग्रेस ने इस कदम को सामाजिक समावेश और संतुलित प्रतिनिधित्व की दिशा में महत्वपूर्ण बताया है।
येदियुरप्पा से की शिष्टाचार मुलाकात
शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने पूर्व भाजपा मुख्यमंत्री और वरिष्ठ लिंगायत नेता बी.एस. येदियुरप्पा से उनके बेंगलुरु स्थित आवास पर मुलाकात की। इस मुलाकात को राजनीतिक सौहार्द और सहयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।