

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Latest News: Preparations for change of power in Karnataka, DK Shivakumar may take oath as Chief Minister tomorrow
नई दिल्ली। कर्नाटक में कांग्रेस सरकार के नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार 3 जून 2026, बुधवार को राज्य के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर सकते हैं। उनके साथ 10 से 20 विधायकों के मंत्री पद एवं गोपनीयता की शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है।
बेंगलुरु के लोकभवन में हो सकता है समारोह
सूत्रों के अनुसार, शपथ ग्रहण समारोह बेंगलुरु के लोकभवन में आयोजित किया जा सकता है। समारोह में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की संभावना है। मुख्यमंत्री सहित कुल 34 विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
दिल्ली में आलाकमान से चर्चा, मंत्रियों के नाम लगभग तय
मुख्यमंत्री बनने जा रहे डीके शिवकुमार इन दिनों दिल्ली में हैं, जहां वे कांग्रेस आलाकमान से मुलाकात कर रहे हैं। उनके साथ कार्यवाहक मुख्यमंत्री सिद्धारमैया भी मौजूद हैं। नई कैबिनेट के गठन को लेकर रविवार देर रात और सोमवार को लगातार बैठकों का दौर चला। बताया जा रहा है कि मंत्रिमंडल में शामिल होने वाले अधिकांश विधायकों के नामों पर सहमति बन चुकी है और अब केवल अंतिम मंजूरी बाकी है।
डीके सुरेश की निगरानी में चल रही तैयारियां
डीके शिवकुमार की अनुपस्थिति में उनके भाई और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके सुरेश शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। आयोजन को भव्य बनाने के लिए प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां जारी हैं।
उपमुख्यमंत्री पद को लेकर मंथन जारी
पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया की ओर से पार्टी आलाकमान को तीन उपमुख्यमंत्री बनाए जाने का सुझाव दिया गया है। इस विषय पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सिंह सुरजेवाला के साथ लंबी चर्चा हुई है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि डीके शिवकुमार अपने साथ किसी डिप्टी सीएम की नियुक्ति के पक्ष में नहीं हैं। इस मुद्दे पर अंतिम फैसला राहुल गांधी की सहमति के बाद लिया जा सकता है।
इन नेताओं को मिल सकती है मंत्रिमंडल में जगह
मंत्रिमंडल में शामिल होने की संभावित सूची में यतीन्द्र सिद्धारमैया, जी. परमेश्वर, के.जे. जॉर्ज, रामलिंगा रेड्डी, प्रियांक खरगे, एम.बी. पाटिल, ईश्वर खंड्रे, कृष्णा बायरेगौड़ा, लक्ष्मी हेब्बलाकर, बी. सुरेश और सतीश जारकीहोली जैसे वरिष्ठ नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं।
खरगे और सिद्धारमैया परिवार को भी मिल सकता है प्रतिनिधित्व
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के पुत्र प्रियांक खरगे और पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के पुत्र यतीन्द्र सिद्धारमैया का मंत्री बनना लगभग तय माना जा रहा है। इससे क्षेत्रीय और सामाजिक संतुलन साधने की कांग्रेस की रणनीति को भी मजबूती मिल सकती है।