

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार
.jpg&w=3840&q=75)
The 'cockroach' trend spread from India to Pakistan, with young people creating an online campaign on social media.
नई दिल्ली। भारत में पिछले सप्ताह शुरू हुई “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” अब एक बड़े सोशल मीडिया ट्रेंड में बदल चुकी है। बेरोजगारी, सिस्टम से नाराजगी और राजनीतिक व्यंग्य को केंद्र में रखकर शुरू हुआ यह अभियान अब भारत की सीमाओं को पार करते हुए पाकिस्तान तक पहुंच गया है। इंस्टाग्राम और अन्य प्लेटफॉर्म्स पर इससे जुड़े पेज तेजी से वायरल हो रहे हैं और लाखों युवा इससे जुड़ रहे हैं।
पाकिस्तान में बने “कॉकरोच अवामी पार्टी” और “कॉकरोच अवामी लीग”
भारत के इस ऑनलाइन आंदोलन से प्रेरित होकर पाकिस्तान में भी “कॉकरोच अवामी पार्टी (CAP)” और “कॉकरोच अवामी लीग (CAL)” जैसे कई सोशल मीडिया पेज सामने आए हैं। ये अकाउंट खुद को पाकिस्तान की जेन-ज़ी पीढ़ी की आवाज बताते हैं और देश की पारंपरिक राजनीति पर तीखे व्यंग्य कर रहे हैं।
इन पेजों ने खुलकर स्वीकार किया है कि उनकी प्रेरणा भारत की “कॉकरोच जनता पार्टी” से मिली है। एक वायरल बायो में लिखा गया- “हां, हमने कॉपी किया है, लेकिन किसे फर्क पड़ता है… मकसद वही है।”
भारत वाले लोगो से मिलता-जुलता डिजाइन
पाकिस्तानी पेजों का लोगो भी भारत की “कॉकरोच जनता पार्टी” से काफी मिलता-जुलता नजर आता है। हालांकि इसमें पाकिस्तान के झंडे से प्रेरित हरे और सफेद रंगों का इस्तेमाल किया गया है।
इन पेजों की शुरुआती रील्स में पाकिस्तान की मुख्य राजनीतिक पार्टियों पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI), पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) और पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) पर व्यंग्य किया गया है। एक वायरल वीडियो में सवाल पूछा जाता है कि “आप PTI या PML-N से हैं?” और जवाब आता है “नहीं, हम कॉकरोच अवामी पार्टी से हैं।”
कैसे शुरू हुआ भारत में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का ट्रेंड
भारत में “कॉकरोच जनता पार्टी” की शुरुआत एक कथित विवादित टिप्पणी के बाद हुई। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि भारत के मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत ने बेरोजगार एक्टिविस्ट युवाओं की तुलना “कॉकरोच” और “पैरासाइट” से की थी। इसी बयान पर नाराजगी जताते हुए अमेरिका में रहने वाले भारतीय मूल के पीआर ग्रेजुएट और आम आदमी पार्टी के पूर्व सहयोगी अभिजीत दिपके ने 16 मई को यह ऑनलाइन कैंपेन शुरू किया।
उन्होंने खुद को व्यंग्यात्मक अंदाज में “कॉकरोच” बताते हुए इसे बेरोजगार और सिस्टम से नाराज युवाओं की आवाज बताया। देखते ही देखते यह अभियान इंस्टाग्राम और एक्स पर वायरल हो गया और लाखों यूजर्स इससे जुड़ने लगे।
युवाओं के गुस्से और मीम कल्चर का नया प्रतीक
विशेषज्ञों का मानना है कि “कॉकरोच” ट्रेंड सिर्फ एक मीम नहीं, बल्कि युवाओं की निराशा और राजनीतिक व्यवस्था से असंतोष का प्रतीक बनता जा रहा है। भारत और पाकिस्तान दोनों देशों में युवा इस ट्रेंड के जरिए बेरोजगारी, राजनीतिक ध्रुवीकरण और सिस्टम से दूरी जैसे मुद्दों पर व्यंग्यात्मक तरीके से अपनी बात रख रहे हैं।
सोशल मीडिया पर लगातार बढ़ रही लोकप्रियता
भारत में “कॉकरोच जनता पार्टी” से जुड़े पेजों के फॉलोअर्स तेजी से बढ़ रहे हैं। वहीं पाकिस्तान में भी कई कंटेंट क्रिएटर्स अपने यूजरनेम में “कॉकरोच अवामी पार्टी” जोड़कर वीडियो और मीम्स पोस्ट कर रहे हैं।
सोशल मीडिया पर यह ट्रेंड अब केवल मजाक तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि इसे दक्षिण एशिया के युवाओं की डिजिटल राजनीतिक अभिव्यक्ति के नए रूप के तौर पर देखा जा रहा है।