

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

‘DP World Naya Raipur Open 2026’ kicks off in Naya Raipur; CM Sai unveils the trophy.
रायपुर। छत्तीसगढ़ तेजी से देश के उभरते हुए स्पोर्ट्स डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। इसी कड़ी में नवा रायपुर में प्रोफेशनल गोल्फ के प्रतिष्ठित टूर्नामेंट ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन प्रदेश की खेल यात्रा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में सामने आया है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नवा रायपुर स्थित फेयरवे गोल्फ एंड कंट्री क्लब रिजॉर्ट में आयोजित कार्यक्रम में प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इस अवसर पर 1983 विश्वकप विजेता भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान और प्रोफेशनल गोल्फ टूर ऑफ इंडिया (PGTI) के अध्यक्ष कपिल देव की गरिमामयी उपस्थिति रही।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ में देश-विदेश के कुल 132 प्रोफेशनल गोल्फ खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। इनमें 18 विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं, जो नवा रायपुर के गोल्फ कोर्स में अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इतने बड़े स्तर के अंतरराष्ट्रीय गोल्फ आयोजन का छत्तीसगढ़ में होना प्रदेश के लिए गौरव की बात है। इससे राज्य की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान मजबूत होगी और स्थानीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय खिलाड़ियों से सीखने और प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विश्वास जताया कि नवा रायपुर ओपन आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ की नई पहचान बनेगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार गोल्फ को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार और बड़े टूर्नामेंट के आयोजन में हरसंभव सहयोग करेगी।
उन्होंने उम्मीद जताई कि जिस तरह आज दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता गोल्फ के प्रमुख केंद्रों के रूप में पहचाने जाते हैं, उसी तरह भविष्य में छत्तीसगढ़ भी देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी जगह बनाएगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने खुद भी गोल्फ में हाथ आजमाया। उन्होंने गोल्फ कोर्स पर शानदार शॉट लगाकर खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों का उत्साह बढ़ाया। मुख्यमंत्री को गोल्फ खेलते देखकर वहां मौजूद खिलाड़ियों और अतिथियों में भी खासा उत्साह देखने को मिला।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय गोल्फ को लेकर लोगों की जानकारी सीमित थी और इसे फिल्मों में ही खेलते हुए देखा जाता था। आज छत्तीसगढ़ में प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े टूर्नामेंट की मेजबानी होना प्रदेश में बदलती खेल संस्कृति का संकेत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं के व्यक्तित्व विकास, अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की पहचान मजबूत करने के लिए खेलों को बढ़ावा दे रही है। प्रदेश में खेल अधोसंरचना का लगातार विस्तार किया जा रहा है और विभिन्न खेलों के राष्ट्रीय स्तर के आयोजन भी हो रहे हैं।
प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं तक पहुंच उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन को बजट में शामिल किया है। सरकार का लक्ष्य है कि प्रतिभाओं के आगे बढ़ने में संसाधनों और अवसरों की कमी बाधा न बने।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया’ के संकल्प के अनुरूप छत्तीसगढ़ में खेलों के प्रति व्यापक वातावरण तैयार किया जा रहा है।
प्रदेश में आयोजित नेशनल ट्राइबल गेम्स में देशभर के करीब 2500 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। वहीं बस्तर ओलंपिक और सरगुजा ओलंपिक जैसे आयोजनों के जरिए दूरस्थ क्षेत्रों के हजारों बच्चों और युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में शांति और विकास की दिशा में तेजी से बदलाव हो रहा है। बस्तर ओलंपिक में युवाओं की बड़ी भागीदारी इस बदलाव का उदाहरण है। जिन क्षेत्रों को पहले हिंसा और नक्सलवाद के कारण जाना जाता था, वहां अब युवा खेल के मैदानों में अपनी प्रतिभा और ऊर्जा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि क्रिकेट, हॉकी, तीरंदाजी और एथलेटिक्स सहित कई खेलों को प्रदेश में प्रोत्साहित किया जा रहा है। अब प्रोफेशनल गोल्फ के बड़े आयोजनों से राज्य की खेल यात्रा को नया आयाम मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आए गोल्फ खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ में आत्मीय स्वागत करते हुए उन्हें प्रदेश की प्राकृतिक सुंदरता और जनजातीय संस्कृति से रूबरू होने का न्योता दिया।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे टूर्नामेंट के साथ समय निकालकर बस्तर और सरगुजा के पर्यटन स्थलों का भी भ्रमण करें। मुख्यमंत्री ने बस्तर के प्रसिद्ध चित्रकोट जलप्रपात सहित प्रदेश के जलप्रपातों, जंगलों और प्राकृतिक स्थलों का उल्लेख किया।
PGTI अध्यक्ष और 1983 विश्वकप विजेता कप्तान कपिल देव ने ‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ के आयोजन के लिए मुख्यमंत्री और छत्तीसगढ़ सरकार का आभार जताया।
उन्होंने कहा कि ऐसे बड़े प्रोफेशनल आयोजन राज्य में खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ नई प्रतिभाओं को प्रेरित करते हैं। कपिल देव ने इच्छा जताई कि यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता हर वर्ष छत्तीसगढ़ में आयोजित हो और आगामी वर्षों की तारीखें पहले से तय की जाएं, ताकि देश-विदेश के खिलाड़ी अपने टूर्नामेंट कैलेंडर के अनुसार यहां आने की योजना बना सकें।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ का वातावरण गोल्फ के लिए अनुकूल है और खिलाड़ियों को मिलने वाला आत्मीय आतिथ्य इसकी खास पहचान है। उनके अनुसार आने वाले समय में छत्तीसगढ़ भी दिल्ली, बेंगलुरु और कोलकाता की तरह देश के प्रमुख गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना सकता है।
PGTI के सीईओ अमनदीप चहल ने कहा कि छत्तीसगढ़ में खिलाड़ियों और आयोजकों का हमेशा आत्मीय स्वागत होता है। यहां का वातावरण, गोल्फ कोर्स और व्यवस्थाएं खिलाड़ियों को प्रभावित करती हैं और कई खिलाड़ी दोबारा यहां आकर खेलने की इच्छा जताते हैं।
‘डीपी वर्ल्ड नवा रायपुर ओपन 2026’ केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि नवा रायपुर और छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय गोल्फ मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। लगातार हो रहे बड़े खेल आयोजनों और विकसित होती खेल अधोसंरचना के साथ छत्तीसगढ़ आने वाले समय में देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और गोल्फ डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान मजबूत करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।