

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

NSUI leader arrested in female student suicide case; Congress suspends him from the organization.
अंबिकापुर। शहर के पटपरिया इलाके में पीजी कॉलेज की प्रथम वर्ष की छात्रा अंतरा शाह उम्र 19 वर्ष की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने एनएसयूआई नेता ज्ञान तिवारी को गिरफ्तार किया है। छात्रा ने शनिवार रात अपने जीजा के घर के बाथरूम में फांसी लगाकर जान दे दी थी। परिजनों की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच आगे बढ़ाई और आरोपी को हिरासत में लिया।पुलिस के अनुसार मृतका अपने जीजा निलेश कुमार गुप्ता के घर रहकर पढ़ाई कर रही थी। छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया था कि एनएसयूआई नेता द्वारा उसे परेशान और धमकाया जा रहा था। परिजनों को छात्रा की सहेलियों से जानकारी मिली थी कि उसके मोबाइल में आरोपी से जुड़े कुछ चैट और वीडियो मौजूद थे।
घटना के बाद पुलिस ने मृतका और आरोपी दोनों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। प्रारंभिक जांच में दोनों के बीच चैट डिलीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। पुलिस अब इन संदेशों को तकनीकी माध्यम से रिकवर करने का प्रयास कर रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा के अनुसार स्वजन के बयान और शुरुआती साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई है। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के साथ मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मामले में गिरफ्तारी के बाद जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने ज्ञान तिवारी को कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता और संगठन के विभिन्न पदों से निलंबित कर दिया है। जारी पत्र के अनुसार गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज होने के बाद आरोपी से जवाब मांगा गया था। तय समय में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संगठन ने कार्रवाई की। ज्ञान प्रकाश तिवारी एनएसयूआई की संत गहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा इकाई में उपाध्यक्ष के पद पर भी जिम्मेदारी संभाल रहा था।पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और तकनीकी साक्ष्यों तथा संबंधित लोगों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।