

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

DSP swindled out of ₹5 lakh in Raipur
रायपुर। राजधानी में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस मुख्यालय में पदस्थ एक डीएसपी पांच लाख रुपये की कथित ठगी का शिकार हो गए। आरोपी ने निवेश पर रकम दोगुनी करने का लालच देकर नकदी हासिल की और बाद में फरार हो गया। मामले में पुलिस ने अमानत में खयानत का अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो साल की पहचान का उठाया फायदा
शिकायत के अनुसार न्यू राजेंद्र नगर स्थित विजेता कॉम्प्लेक्स निवासी पुनदास अंचल वर्तमान में पीएचक्यू, नवा रायपुर में डीएसपी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पहचान पिछले करीब दो वर्षों से नरेश दामोहे से थी। नरेश खुद को पेशे से वकील और फाइनेंस का कारोबार करने वाला बताता था। इसी भरोसे के आधार पर डीएसपी ने निवेश के लिए उससे संपर्क किया।
दिनभर अलग-अलग जगह बुलाता रहा आरोपी
25 जून को नरेश दामोहे ने डीएसपी को फोन कर पहले कमल विहार स्थित श्री वेंकट अस्पताल के सामने बुलाया। वहां पहुंचने पर उसने अपने सहयोगियों के नहीं आने की बात कहकर अभनपुर रोड स्थित प्रोग्रेसिव प्वाइंट पहुंचने को कहा। वहां भी उसने कुछ देर इंतजार कराया और फिर रात 9 बजे कटोरा तालाब के नेताजी चौक आने के लिए कहा।
विवाद का माहौल बनाकर गायब कर दी नकदी
नेताजी चौक पहुंचने पर नरेश अपने दो साथियों के साथ मिला। इसके बाद सभी डीएसपी की कार से इलेवन गार्डन पहुंचे। वहां आरोपी के बुलाने पर तीन अन्य लोग भी आ गए और आपस में बहस करने लगे। इसी दौरान डीएसपी कार से उतरकर विवाद देखने चले गए। उन्होंने कार में बैठे नरेश और उसके साथी से कहा कि सूटकेस में पांच लाख रुपये रखे हैं और वे वहीं बैठे रहें।
कुछ देर बाद जब डीएसपी वापस लौटे तो कार, मोबाइल, चाबी और अन्य दस्तावेज वहीं मौजूद थे, लेकिन सूटकेस में रखी पांच लाख रुपये की नकदी गायब थी। आरोप है कि आरोपी और उसके साथियों ने इसी दौरान रकम निकाल ली।
दो दिन तक नहीं हुआ संपर्क, दर्ज कराई शिकायत
घटना के बाद दो दिनों तक नरेश दामोहे की ओर से कोई संपर्क नहीं किया गया। इसके बाद डीएसपी ने नरेश और उसके साथियों के खिलाफ अमानत में खयानत और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस जुटी जांच में
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।