

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Karachi Rangers headquarters attack
कराची। पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार को रेंजर्स मुख्यालय के पास आत्मघाती हमले की खबर सामने आई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके के ब्लॉक-6 स्थित पाकिस्तान रेंजर्स के मुख्यालय के नजदीक एक आत्मघाती हमलावर ने खुद को विस्फोट से उड़ा लिया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पहले एक शक्तिशाली धमाका हुआ, जिसके बाद दो छोटे विस्फोट भी सुनाई दिए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, धमाकों के बाद इलाके में करीब आधे घंटे तक लगातार भारी गोलीबारी होती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने इलाके को चारों ओर से घेर लिया और तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
पाकिस्तानी मीडिया संस्थानों ARY News और Geo News के अनुसार, हमला कराची यूनिवर्सिटी और मौसम विभाग कार्यालय के पास हुआ। हालांकि, अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। वहीं, हमले में किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि भी नहीं हुई है।
सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच में जुटी हैं और हमले की प्रकृति तथा संभावित हमलावरों के नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही हैं। फिलहाल पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।