

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deputy CM Arun Sao returned to Raipur with cleanliness award
रायपुर। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार हासिल करने के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव रायपुर लौटे। इस दौरान स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर उनका और रायपुर, बिलासपुर व बिल्हा के निकाय प्रमुखों का जोरदार स्वागत किया गया। सैकड़ों की संख्या में स्वच्छता दीदियां, अधिकारी और कर्मचारी अपने जनप्रतिनिधियों के अभिनंदन के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे।

पारंपरिक लोकनृत्य और गाजे-बाजे के साथ प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया गया। इस दौरान रायपुर की महापौर मीनल चौबे, बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और बिल्हा नगर पंचायत अध्यक्ष वंदना जेंड्रे भी मौजूद रहीं। इन तीनों निकायों ने स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान हासिल किया है।
रायपुर पहुंचने पर अरुण साव ने लगातार दूसरे साल तीनों निकायों की उपलब्धियों पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के तीन नगरीय निकायों का लगातार दो वर्षों तक राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित होना स्वच्छता के क्षेत्र में हो रहे सुधार और सामूहिक प्रयासों का प्रमाण है। इस उपलब्धि के पीछे सफाई मित्रों, जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों-कर्मचारियों और आम नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में 9 हजार से अधिक स्वच्छता दीदियां घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के पृथक्करण और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का काम कर रही हैं। राष्ट्रीय पुरस्कार उनके योगदान का भी सम्मान है। सरकार का लक्ष्य प्रदेश के हर नगरीय निकाय को स्वच्छ, सुंदर और सुविधापूर्ण बनाना है।
तीनों शहरों ने राष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में रायपुर को छत्तीसगढ़ का सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है। वहीं बिलासपुर ने देश के सबसे स्वच्छ रीवर फ्रंट वाले शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया है। बिल्हा ने भी अपनी श्रेणी में राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि बरकरार रखी है।

गौरतलब है कि पिछले स्वच्छ सर्वेक्षण में बिल्हा अपनी श्रेणी में देश में पहले स्थान पर रहा था। वहीं बिलासपुर ने 3 से 10 लाख की आबादी वाले शहरों में दूसरा स्थान हासिल किया था। राजधानी रायपुर को पिछले साल छत्तीसगढ़ का प्रॉमिसिंग स्वच्छ शहर का पुरस्कार मिला था। इस बार रायपुर ने राज्य के सबसे स्वच्छ शहर का सम्मान हासिल किया है।