

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Development boost for Veer Savarkar Ward: MLA Rajesh Munat and Mayor Meenal Chaubey performed the groundbreaking ceremony for projects worth over ₹6 crore.
रायपुर। नगर निगम जोन-8 कमिश्नरी अंतर्गत वीर सावरकर वार्ड में शनिवार को 6 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन विधायक राजेश मूणत और महापौर मीनल चौबे ने किया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर सड़क संपर्क और स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
भूमिपूजन किए गए कार्यों में 4 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र की अंदरुनी सड़कों का निर्माण शामिल है। इन सड़कों का निर्माण लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की यातायात व्यवस्था और आवागमन में सुधार होगा।
क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कारपोरेशन द्वारा 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इसके शुरू होने के बाद स्थानीय लोगों को इलाज के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक राजेश मूणत ने बताया कि वीर सावरकर वार्ड में अब तक लगभग 73 करोड़ रुपए के विकास कार्य स्वीकृत और संचालित किए जा चुके हैं। इनमें करीब 65 करोड़ रुपए की लागत से दो महत्वपूर्ण पुलों का निर्माण तथा नगर निगम द्वारा लगभग 9 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा लगभग 80 लाख रुपए के अन्य कार्य भी वर्तमान में प्रगति पर हैं।
विधायक मूणत ने कहा कि नई सड़कें और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनने से हीरापुर, जरवाय और अटारी क्षेत्र के हजारों नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी। वहीं महापौर मीनल चौबे ने विश्वास जताया कि इन विकास परियोजनाओं के पूरा होने से क्षेत्र के हजारों परिवारों का जीवन अधिक सुगम, सुरक्षित और सुविधाजनक बनेगा।