

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Deverakonda-Sandeep Reddy Vanga: ‘Arjun Reddy’ changed his life; Vijay speaks on his bond with the director—‘I can go to any extent for him.’
मुंबई। अभिनेता विजय देवरकोंडा और फिल्ममेकर संदीप रेड्डी वांगा की जोड़ी ने ‘अर्जुन रेड्डी’ के जरिए सिनेमा में अपनी अलग पहचान बनाई। साल 2017 में रिलीज हुई इस फिल्म ने विजय के करियर को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया और संदीप रेड्डी वांगा को भी बतौर निर्देशक स्थापित किया। अब सालों बाद विजय ने संदीप के साथ अपने रिश्ते और फिल्म से जुड़ी पुरानी यादों को साझा किया है।
हाल ही में एक इवेंट में विजय देवरकोंडा ने संदीप रेड्डी वांगा के साथ अपने बॉन्ड पर खुलकर बात की। उन्होंने कहा कि दोनों का रिश्ता सिर्फ डायरेक्टर और एक्टर का नहीं है, बल्कि इससे कहीं ज्यादा गहरा है।
विजय ने संदीप को लेकर कहा कि वह उनके लिए अपने प्यार को शब्दों में बयां नहीं कर सकते। उनके मुताबिक, दोनों का रिश्ता डायरेक्टर-हीरो, भाई या दोस्तों के रिश्ते से भी आगे है।
अभिनेता ने ‘अर्जुन रेड्डी’ के दिनों को याद करते हुए बताया कि फिल्म बनाना उनके और संदीप के लिए किसी जंग से कम नहीं था। उस समय दोनों के पास न ज्यादा पैसे थे, न बड़ा नाम और न ही कोई प्रभावशाली सपोर्ट सिस्टम। इसके बावजूद दोनों ने फिल्म बनाने का जोखिम उठाया।
विजय ने बताया कि उस दौर में संदीप के भाई प्रणय और उनके पिता ने अपनी जमीन तक बेच दी थी और परिवार की कमाई फिल्म में लगा दी थी। उन्होंने कहा कि यह सब इसलिए संभव हुआ क्योंकि परिवार को विजय और संदीप पर भरोसा था।
अभिनेता ने कहा कि अगर ‘अर्जुन रेड्डी’ नहीं बनती, तो वह केवल फिल्म की सफलता से ही नहीं, बल्कि संदीप के साथ बिताए कई खूबसूरत अनुभवों से भी वंचित रह जाते।
संदीप के साथ अपने रिश्ते की गहराई बताते हुए विजय ने कहा कि वह उनके लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं और संदीप भी उनके लिए ऐसा ही करेंगे। उन्होंने बताया कि फिल्म के बाद दोनों ने कई मौकों पर जिंदगी और अन्य चीजों को लेकर भी बातचीत की है।
विजय ने भद्रकाली फिल्म्स के लोगो से जुड़ी खास याद भी साझा की। उन्होंने कहा कि आज भी जब भद्रकाली का लोगो आता है तो उन्हें ‘अर्जुन रेड्डी’ का साउंड याद आता है। संदीप और प्रणय जब भी कोई फिल्म बनाते हैं, तो उन्हें भरोसा रहता है कि वह सफल होगी।
‘अर्जुन रेड्डी’ विजय देवरकोंडा के करियर की सबसे महत्वपूर्ण फिल्मों में शामिल है। फिल्म की सफलता के बाद विजय की लोकप्रियता तेजी से बढ़ी और यह फिल्म बाद में एक कल्चरल फेनोमेनन के तौर पर भी चर्चा में रही।
विजय के मुताबिक, इस फिल्म ने उन्हें सिर्फ पहचान नहीं दी, बल्कि संदीप रेड्डी वांगा के साथ ऐसा रिश्ता भी दिया जो आज तक कायम है।
वर्कफ्रंट की बात करें तो विजय देवरकोंडा आने वाले समय में ‘राणाबाली’, ‘राउडी जनार्दना’ और ‘VDxShouryuv’ जैसी फिल्मों में नजर आने वाले हैं। वहीं संदीप रेड्डी वांगा भी अपने आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं।