

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Differently-abled swimmers from GPM won 6 medals at the national competition; Rohit Kumar secured 3 medals, including 2 gold.
रायपुर। भोपाल में आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में गौरेला-पेंड्रा-मरवाही (जीपीएम) जिले के दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक हासिल किए हैं। जिले के तीन खिलाड़ियों ने प्रतियोगिता में दो स्वर्ण, एक रजत और तीन कांस्य पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि ने साबित किया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति, मेहनत और आत्मविश्वास से किसी भी चुनौती को पार किया जा सकता है।
भोपाल में 12 से 15 नवंबर 2026 तक आयोजित 26वीं राष्ट्रीय पैरा तैराकी प्रतियोगिता में देशभर के दिव्यांग तैराकों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ की टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए जीपीएम जिले के रोहित कुमार, जन्तराम पनिका और मोहनी मरावी ने विभिन्न स्पर्धाओं में भाग लिया। तीनों खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए कुल छह पदक अपने नाम किए।
प्रतियोगिता में रोहित कुमार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीतकर विशेष उपलब्धि हासिल की। उन्होंने 50 मीटर बैक स्ट्रोक और 100 मीटर बैक स्ट्रोक स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए रिकॉर्ड भी बनाया। उनकी इस उपलब्धि से राष्ट्रीय स्तर पर जिले की खेल प्रतिभा को नई पहचान मिली है।
जन्तराम पनिका ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में दो कांस्य पदक हासिल किए। वहीं, मोहनी मरावी ने एक कांस्य पदक जीतकर जिले और प्रदेश का मान बढ़ाया। दोनों खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा में अपने खेल कौशल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पदक जीतकर जिले का नाम रोशन करने वाले तीनों खिलाड़ियों ने कलेक्टर विजय दयाराम के. से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान कलेक्टर ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
तीन खिलाड़ियों की इस सफलता से जिले के खेल जगत में खुशी और उत्साह का माहौल है। सीमित संसाधनों और विभिन्न चुनौतियों के बावजूद राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने वाले ये खिलाड़ी अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।