

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Discussion on Bastar development model in Delhi, important meeting of CM Sai and Deputy CM Sharma with Union Home Minister Amit Shah
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नई दिल्ली में अमित शाह से मुलाकात कर बस्तर क्षेत्र में तेजी से बदलते हालात और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। इस दौरान विजय शर्मा भी उपस्थित रहे। बैठक में विशेष रूप से बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार, सुरक्षा शिविरों के रूपांतरण और विकास रोडमैप पर चर्चा हुई।
‘मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान’ बना बदलाव की नई पहचान
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री को बताया कि जिन क्षेत्रों में कभी एम्बुलेंस पहुंचना भी मुश्किल माना जाता था, वहां अब डॉक्टर, दवाइयां और स्वास्थ्य टीमें नियमित रूप से पहुंच रही हैं। दूरस्थ गांवों में स्वास्थ्यकर्मी पैदल पहुंचकर लोगों की जांच कर रहे हैं और गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान कर निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि केवल एक महीने में 21.86 लाख से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की जा चुकी है तथा उनके डिजिटल हेल्थ प्रोफाइल तैयार किए गए हैं। हजारों मरीजों को समय पर उपचार और आवश्यकता पड़ने पर उच्च अस्पतालों में रेफर भी किया गया है।
सुरक्षा शिविरों को बनाया जा रहा “जन सुविधा केंद्र”
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि बस्तर में पुराने सुरक्षा शिविर अब केवल सुरक्षा तक सीमित नहीं रह गए हैं। इन्हें चरणबद्ध तरीके से “जन सुविधा केंद्र” के रूप में विकसित किया जा रहा है, जहां ग्रामीणों को स्वास्थ्य, शिक्षा, बैंकिंग और सरकारी योजनाओं से जुड़ी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इन केंद्रों के माध्यम से दूरस्थ इलाकों के लोगों को पहली बार कई बुनियादी सेवाएं आसानी से मिल रही हैं। ग्रामीणों को अब इलाज, बैंक खाते, दस्तावेज और सरकारी योजनाओं की जानकारी के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ रही है।
36 लाख लोगों तक पहुंचने का लक्ष्य
उल्लेखनीय है कि “मुख्यमंत्री स्वस्थ बस्तर अभियान” की शुरुआत 13 अप्रैल 2026 को सुकमा से हुई थी। इस अभियान के तहत 36 लाख लोगों को लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा “बस्तर मुन्ने (अग्रणी बस्तर) अभियान” के जरिए 31 महत्वपूर्ण योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य तेजी से चल रहा है।
जगदलपुर में सुपर स्पेशलिटी अस्पताल से मिलेगी बड़ी राहत
मुख्यमंत्री ने बताया कि जगदलपुर में नया सुपर स्पेशलिटी अस्पताल शुरू हो चुका है, जिससे अब बस्तर के लोगों को महंगे इलाज के लिए रायपुर या बिलासपुर नहीं जाना पड़ेगा। इसके साथ ही डायल-112 की नेक्स्ट जेन सेवा का विस्तार और सुरक्षा शिविरों को जन सुविधा केंद्रों में बदलने की योजना को बस्तर के स्थायी विकास की दिशा में बड़ा कदम बताया गया।
उन्होंने कहा कि जो इलाके कभी नक्सल प्रभाव के कारण मुख्यधारा से कटे हुए थे, वहां अब सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे लोगों तक पहुंच रहा है। हाल ही में सुकमा के एक अत्यंत दुर्गम गांव से गंभीर मरीज को सैकड़ों किलोमीटर दूर अस्पताल पहुंचाकर उपचार दिलाना इसी बदलाव का उदाहरण है।
सड़क, शिक्षा और निवेश पर विशेष फोकस
मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृहमंत्री को बस्तर के लिए तैयार विकास रोडमैप की भी जानकारी दी। इसमें सड़क निर्माण, शिक्षा, रोजगार, कौशल विकास और निवेश को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में बस्तर में तेजी से सकारात्मक परिवर्तन देखने को मिल रहे हैं।
अमित शाह ने की विकास कार्यों की सराहना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बस्तर में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर यह सुनिश्चित कर रही हैं कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उल्लेखनीय है कि केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह का 18 और 19 मई को बस्तर दौरा संभावित है।