

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Dispute over cremation of body in Kanker; last rites performed after return to original faith.
कांकेर। कांकेर जिले के छोटेबेठिया थाना क्षेत्र के जनकुपारा गांव में एक मतांतरित महिला के शव के अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। ग्रामीण महिला के मूल धर्म में वापसी के बाद ही अंतिम संस्कार किए जाने की मांग पर अड़े थे, जबकि मृतका के स्वजन ईसाई पद्धति से अंतिम संस्कार करना चाहते थे। विवाद की सूचना मिलने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों के बीच बातचीत के जरिए समाधान निकालने का प्रयास किया।
बताया गया कि जनकुबाई ने करीब पांच वर्ष पहले मतांतरण किया था। शुक्रवार रात उसकी मृत्यु के बाद स्वजन शव को दफनाने के लिए जनकुपारा गांव पहुंचे। इसी दौरान ग्रामीणों ने अंतिम संस्कार की प्रक्रिया को लेकर आपत्ति जताई। ग्रामीणों का कहना था कि महिला के मूल धर्म में वापसी के बाद ही गांव की परंपरा के अनुसार अंतिम संस्कार किया जाए।
वहीं, मृतका के स्वजन ईसाई रीति-रिवाज के अनुसार अंतिम संस्कार करने की मांग कर रहे थे। इससे गांव में तनावपूर्ण स्थिति बन गई और दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद की जानकारी मिलने पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पखांजूर राकेश कुरें और तहसीलदार मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत कर स्थिति को शांत करने और आपसी सहमति से समाधान निकालने का प्रयास किया।
प्रशासन की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच लगातार संवाद किया गया। करीब 24 घंटे तक चली बातचीत के बाद समझौते की स्थिति बनी।
प्रशासन की पहल के बाद मतांतरित परिवार के लोग मूल धर्म में वापसी के लिए तैयार हुए। इसके बाद दोनों पक्षों की सहमति से मृतका का अंतिम संस्कार स्थानीय परंपरा के अनुरूप किया गया। प्रशासन और पुलिस की समझाइश के बाद विवाद का समाधान हुआ और गांव में स्थिति सामान्य हुई।