

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Major success for security forces in Bijapur; cache of Naxal weapons hidden underground recovered.
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल उन्मूलन अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के उतला जंगल में सर्चिंग अभियान के दौरान जवानों ने जमीन के नीचे छिपाकर रखा गया नक्सलियों का हथियार डंप बरामद किया है। बरामद हथियारों में AK-47 रायफल, 9 एमएम पिस्टल समेत तीन रायफल और बड़ी संख्या में जिंदा कारतूस शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (नक्सल) अमन झा के नेतृत्व में अभियान चलाया गया। सूचना मिलने के बाद भैरमगढ़ थाना पुलिस बल और डीआरजी की टीम को उतला गांव के जंगलों में सर्चिंग के लिए रवाना किया गया।
सर्चिंग के दौरान जवानों को एक स्थान संदिग्ध नजर आया। तलाशी लेने पर जमीन के नीचे नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया हथियारों का डंप मिला। जवानों ने सावधानीपूर्वक डंप को बाहर निकालकर सुरक्षित रूप से बरामद किया।
सुरक्षाबलों द्वारा बरामद नक्सली डंप से निम्न हथियार और गोला-बारूद मिला है,
01 AK-47 रायफल
01 .315 बोर रायफल
01 सिंगल शॉट रायफल
01 9 एमएम पिस्टल
02 AK-47 मैगजीन
45 AK-47 जिंदा राउंड
25 9 एमएम जिंदा राउंड
06 .315 बोर रायफल के जिंदा राउंड
इस बरामदगी के बाद हथियारों और अन्य सामग्री को भैरमगढ़ थाना लाया गया है। पुलिस द्वारा मामले में विधिसम्मत अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, आत्मसमर्पण कर चुके नक्सलियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और उनसे नक्सली संगठन की गतिविधियों तथा पूर्व में संगठन से जुड़ी घटनाओं के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
आत्मसमर्पित नक्सलियों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए विभिन्न सामाजिक कार्यक्रम भी संचालित किए जा रहे हैं। इसी पूछताछ के दौरान मिली महत्वपूर्ण सूचना के आधार पर भैरमगढ़ क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया गया, जिसमें जमीन के नीचे छिपा नक्सली हथियार डंप बरामद करने में सफलता मिली।