

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Drug trafficking in Chhattisgarh to be curbed; action plans to be prepared at state and district levels.
रायपुर। छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए राज्य सरकार व्यापक कार्ययोजना तैयार करेगी। मुख्य सचिव विकासशील की अध्यक्षता में मंत्रालय महानदी भवन में आयोजित राज्य स्तरीय एनकोर्ड समन्वय समिति की बैठक में नशे के खिलाफ चल रही कार्रवाई की समीक्षा की गई। इस दौरान विभागों के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने और नशामुक्त भारत अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विस्तृत रोडमैप तैयार करने के निर्देश दिए गए।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों से कहा कि नशे के अवैध कारोबार पर नियंत्रण के लिए राज्य और जिला स्तर पर ठोस रणनीति बनाई जाए। एनकोर्ड समिति की बैठकें नियमित रूप से आयोजित करने के साथ उनकी समीक्षा भी परिणामों के आधार पर की जाए। उन्होंने नशामुक्त भारत अभियान के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार करने और निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्ययोजना लागू करने पर जोर दिया।
मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए राज्य की सीमाओं पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मुख्य सचिव ने पुलिस और आबकारी विभाग को आपसी समन्वय के साथ निगरानी मजबूत करने को कहा। इसके अलावा स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शिक्षण संस्थानों में नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति विद्यार्थियों को जागरूक करने के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में मानस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की स्थिति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही 16 अगस्त से 25 सितंबर 2026 के बीच चलाए गए पाक्षिक विशेष अभियानों की प्रगति का भी जायजा लिया गया।अधिकारियों ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स नशीले पदार्थों से जुड़े अपराधों में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। सभी स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि वे निर्धारित कार्ययोजना के तहत विद्यार्थियों को नशीले पदार्थों के सेवन और उनके दुष्परिणामों की जानकारी दें।
बैठक में गृह विभाग की सचिव नेहा चंपावत ने एनकोर्ड से संबंधित गतिविधियों और कार्यों की जानकारी प्रस्तुत की। इस दौरान पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, गृह एवं जेल विभाग की प्रमुख सचिव निहारिका बारिक सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रमुख सचिव शहला निगार, कृषि एवं किसान कल्याण विभाग के सचिव सिद्धार्थ कोमल परदेशी, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह और स्वास्थ्य विभाग के सचिव अमित कटारिया सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।बैठक में उच्च शिक्षा, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, वन, समाज कल्याण, पुलिस मुख्यालय, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी), डाक विभाग और एड्स नियंत्रण समिति के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। इसके अलावा सभी संभागों के आयुक्तों तथा विभिन्न जिलों के कलेक्टरों और पुलिस अधीक्षकों की मौजूदगी में नशे के खिलाफ समन्वित कार्रवाई को प्रभावी बनाने पर चर्चा की गई।