

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Durg Police finds 201 missing mobile phones, returns phones worth Rs 41 lakh to owners
दुर्ग। दुर्ग पुलिस की एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) ने गुम हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए चलाए गए विशेष अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वर्ष 2024, 2025 और 2026 के दौरान गुम हुए 201 मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 41 लाख रुपये आंकी गई है। बरामद मोबाइलों को उनके वास्तविक मालिकों को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा जिले के विभिन्न थाना प्रभारियों की टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस ने CEIR पोर्टल की मदद से गुम मोबाइलों को ट्रेस किया और दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, बालोद, बेमेतरा, रायपुर सहित अन्य जिलों और मध्य प्रदेश व आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में सक्रिय मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें बरामद किया।

एसएसपी विजय अग्रवाल ने बताया कि दुर्ग पुलिस लगातार गुम मोबाइलों की खोज कर उन्हें उनके असली मालिकों तक पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष यह चौथा वितरण कार्यक्रम है और अब तक करीब 800 मोबाइल फोन रिकवर कर उनके धारकों को वापस किए जा चुके हैं।

उन्होंने बताया कि बरामद मोबाइल केवल छत्तीसगढ़ के विभिन्न जिलों से ही नहीं, बल्कि नागपुर सहित अन्य क्षेत्रों से भी प्राप्त हुए हैं। आगामी चरण में अन्य राज्यों में लंबे समय से उपयोग किए जा रहे गुम मोबाइलों की बरामदगी पर विशेष फोकस किया जाएगा।

पुलिस ने बताया कि बरामद मोबाइलों के IMEI नंबरों की सूची दुर्ग पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक, इंस्टाग्राम और एक्स (ट्विटर) पर अपलोड की जाएगी। संबंधित मोबाइल स्वामी सूची का मिलान कर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट कार्यालय, सेक्टर-03 भिलाई से अपना मोबाइल प्राप्त कर सकते हैं।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल गुम होने की स्थिति में तत्काल नजदीकी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराएं और CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें, जिससे मोबाइल की जल्द ट्रैकिंग और बरामदगी संभव हो सके।