

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

surajpur mobile battery blast one year old child dies chhattisgarh
सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले में मोबाइल की खराब बैटरी फटने से एक साल के मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा प्रेमनगर थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में हुआ, जहां बच्चों के खेलते समय पुरानी मोबाइल बैटरी में अचानक विस्फोट हो गया। गंभीर रूप से झुलसे बच्चे ने इलाज के दौरान अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्मपुर गांव निवासी महेंद्र सिंह नेताम का एक वर्षीय पुत्र आदित्य सिंह 31 मई की शाम अपने भाई-बहनों और अन्य बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान बच्चों के पास एक पुरानी और खराब मोबाइल बैटरी थी। खेलते-खेलते अचानक बैटरी में जोरदार धमाका हो गया, जिसकी चपेट में आकर आदित्य गंभीर रूप से झुलस गया।
हादसे में मासूम का चेहरा, सीना, पेट और हाथ बुरी तरह झुलस गए। धमाके के समय उसकी मां घर से कुछ दूरी पर पानी भरने गई हुई थी। तेज आवाज सुनकर वह मौके पर पहुंची तो आदित्य गंभीर हालत में मिला। वहीं, अन्य दो बच्चे समय रहते वहां से भाग निकले और सुरक्षित बच गए।
रात करीब 9 बजे काम से लौटने पर पिता महेंद्र सिंह नेताम को घटना की जानकारी मिली। इसके बाद परिजन बच्चे को प्रेमनगर अस्पताल लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे सूरजपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालत गंभीर होने पर वहां से अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेजा गया।
परिजन एक जून को बच्चे को अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बावजूद मंगलवार सुबह करीब 4 बजे उसकी मौत हो गई।
पिता महेंद्र सिंह नेताम ने बताया कि उन्हें यह जानकारी नहीं है कि बच्चों के पास मोबाइल बैटरी कहां से आई थी। आशंका जताई जा रही है कि खेलते समय बच्चों ने बैटरी के टर्मिनलों को शॉर्ट कर दिया होगा, जिससे बैटरी में विस्फोट हुआ।
पुलिस ने पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। परिवार बच्चे का शव लेकर गांव लौट गया है। फिलहाल प्रेमनगर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह घटना पुराने और खराब इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों, विशेषकर मोबाइल बैटरियों से होने वाले खतरों को लेकर एक गंभीर चेतावनी मानी जा रही है।