

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

cbse-new-chairman-prashant-lokhande-appointed-varun-bhardwaj-new-secretary
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) में बड़ा प्रशासनिक बदलाव करते हुए वरिष्ठ आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम को नया चेयरमैन नियुक्त किया है। वहीं, भारतीय सूचना सेवा (IIS) के अधिकारी वरुण भारद्वाज को CBSE का नया सचिव बनाया गया है। यह नियुक्तियां मंगलवार को कैबिनेट की नियुक्ति समिति (ACC) की मंजूरी के बाद की गईं।
सरकार ने इससे पहले CBSE के चेयरमैन राहुल सिंह और सचिव हिमांशु गुप्ता का तबादला कर दिया था। बताया जा रहा है कि कक्षा 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अपनाई गई डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली (On-Screen Marking) को लेकर सामने आई शिकायतों और कथित अनियमितताओं के बाद यह प्रशासनिक फेरबदल किया गया है।
2001 बैच के AGMUT कैडर के आईएएस अधिकारी लोखंडे प्रशांत सीताराम वर्तमान में गृह मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने पुणे विश्वविद्यालय से मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बी.ई. तथा NITIE मुंबई से इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग में पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा किया है। अपने प्रशासनिक करियर में वे संयुक्त सचिव, निदेशक, उप सचिव, निजी सचिव, काउंसलर, उपायुक्त और सचिव जैसे महत्वपूर्ण पदों पर कार्य कर चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार राज्य पुरस्कार (स्वर्ण) से भी सम्मानित किया जा चुका है।
प्रशांत लोखंडे ने राहुल सिंह का स्थान लिया है, जिन्हें अब कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय में अतिरिक्त सचिव नियुक्त किया गया है।
वहीं, 2008 बैच के IIS अधिकारी वरुण भारद्वाज को CBSE का नया सचिव नियुक्त किया गया है। वह वर्तमान में शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग में निदेशक के रूप में कार्यरत हैं। उनकी नियुक्ति 19 सितंबर 2027 तक या केंद्रीय प्रतिनियुक्ति की अवधि पूरी होने तक प्रभावी रहेगी।
वरुण भारद्वाज इससे पहले भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (FTII), पुणे में रजिस्ट्रार के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने चुनाव आयोग में जागरूकता पर्यवेक्षक के रूप में भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाई हैं।
CBSE में हुए इस नेतृत्व परिवर्तन को बोर्ड की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।