

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

raigarh tamnar two trailers collision fire driver death
रायगढ़। जिले के तमनार थाना क्षेत्र स्थित झिकाबहाल के पास मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दो ट्रेलरों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। हादसा इतना भयावह था कि एक ट्रेलर का चालक वाहन के अंदर ही फंस गया और जिंदा जलने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, घटना शाम करीब 7:40 बजे की है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर के तुरंत बाद दोनों ट्रेलरों में आग भड़क उठी और देखते ही देखते लपटों ने एक वाहन को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया। चालक को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही तमनार पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया, जबकि दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाने के लिए काफी मशक्कत की। दुर्घटना के चलते कुछ समय तक सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।
पुलिस के मुताबिक मृत चालक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर माना जा रहा है। टक्कर के बाद वाहनों की वायरिंग में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगने की आशंका भी जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।