

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Entertainment: A unique decision by the makers of 'Governor', viewers will be able to watch the film at ticket prices of the 1990s
मुंबई। सच्ची घटनाओं से प्रेरित और भारत के आर्थिक इतिहास के एक महत्वपूर्ण दौर पर आधारित फिल्म 'गवर्नर' की रिलीज से पहले मेकर्स ने दर्शकों के लिए एक खास सरप्राइज दिया है। फिल्म की कहानी जिस दौर में आधारित है, उसी दौर की यादों को ताजा करते हुए निर्माताओं ने टिकटों की कीमतों को 1990 के दशक की तर्ज पर रखने का फैसला किया है।
फिल्म में अभिनेता मनोज बाजपेयी एक दृढ़ और जिम्मेदार गवर्नर की भूमिका निभा रहे हैं, जो देश के सबसे चुनौतीपूर्ण आर्थिक संकट के दौरान अहम फैसले लेते नजर आएंगे। फिल्म भारत के उस दौर की कहानी को पर्दे पर लाती है, जब देश गंभीर आर्थिक चुनौतियों का सामना कर रहा था और कई ऐतिहासिक निर्णयों ने भविष्य की दिशा तय की थी।

फिल्म की रिलीज से पहले मेकर्स ने एक अनोखी मार्केटिंग रणनीति अपनाई है। इसके तहत दर्शकों को 1990 के दशक की टिकट कीमतों पर फिल्म देखने का मौका मिलेगा। निर्माताओं का मानना है कि यह पहल न सिर्फ दर्शकों को सिनेमाघरों तक आकर्षित करेगी, बल्कि उन्हें उस दौर से भावनात्मक रूप से जोड़ने का भी काम करेगी, जिसमें फिल्म की कहानी आधारित है।
मेकर्स ने सोशल मीडिया पर इस पहल की घोषणा करते हुए लिखा, “कहानी भी ऐतिहासिक है और टिकट की कीमतें भी। 'गवर्नर', 12 जून 2026 को सिनेमाघरों में।”
फिल्म का निर्देशन चिन्मय मांडलेकर ने किया है, जबकि इसे सनशाइन पिक्चर्स के बैनर तले विपुल अमृतलाल शाह ने प्रोड्यूस किया है। आशिन ए. शाह इसके सह-निर्माता हैं।

फिल्म की पटकथा सुवेंदु भट्टाचार्य, सौरभ भरत, रवि असरानी और विपुल अमृतलाल शाह ने मिलकर लिखी है। वहीं गीतों को मशहूर गीतकार जावेद अख्तर ने लिखा है और संगीत अमित त्रिवेदी ने दिया है।
ऐतिहासिक घटनाओं, प्रभावशाली संवादों और मनोज बाजपेयी के दमदार अभिनय से सजी *'गवर्नर'* 12 जून 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही उत्साह बना हुआ है और अब टिकट कीमतों को लेकर किए गए इस अनोखे प्रयोग ने इसकी चर्चा को और बढ़ा दिया है।