

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

FIR against 4 including SDM in Balrampur rural death case
बलरामपुर। जिले के हंसपुर गांव में कथित मारपीट की घटना में घायल एक बुजुर्ग ग्रामीण की इलाज के दौरान मौत हो गई। बुजुर्ग ने कुसमी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए पूर्व भाजयुमो अध्यक्ष सहित चार लोगों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, हंसपुर गांव में एसडीएम करुण डहरिया और नायब तहसीलदार पारस शर्मा के दौरे के दौरान विवाद की स्थिति बनी। आरोप है कि अधिकारियों के साथ पहुंचे कुछ लोगों और ग्रामीणों के बीच कहासुनी हुई, जो बाद में मारपीट में बदल गई। इस घटना में तीन ग्रामीण घायल हुए थे, जिनमें से एक बुजुर्ग की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो अन्य का उपचार जारी है।
पुलिस ने प्रत्यक्षदर्शियों के बयान, घटनास्थल निरीक्षण, पंचनामा और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर चार आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। कुसमी थाना में दर्ज मामले में एसडीएम करुण डहरिया, विक्की सिंह उर्फ अजय प्रताप सिंह, मंजीत कुमार यादव और सुदीप यादव के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1), 115(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि विक्की सिंह, जो भाजयुमो कुसमी के पूर्व अध्यक्ष रहे हैं, को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। जानकारी के मुताबिक, घटना के समय एसडीएम करुण डहरिया के साथ विक्की सिंह, सुदीप यादव और मंदीप यादव थार वाहन से गांव पहुंचे थे। घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में ले लिया।
हालांकि, नायब तहसीलदार पारस शर्मा के खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। पुलिस का कहना है कि वे मौके पर मौजूद थे, लेकिन मारपीट में उनकी संलिप्तता सामने नहीं आई है।
घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी शुरू हो गई है। देवेंद्र यादव ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि बलरामपुर में बॉक्साइट खनन के नाम पर ग्रामीणों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि खेत की सिंचाई कर लौट रहे ग्रामीणों के साथ प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मारपीट की गई, जो गंभीर और चिंताजनक है। यादव ने प्रशासन पर दमनात्मक रवैया अपनाने का आरोप लगाया है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।