

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

dhamtari-news-student-beaten-psycho-youth-bhanpuri-school
धमतरी। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। ग्राम भानपुरी स्थित शासकीय स्कूल में लंच ब्रेक के दौरान एक सनकी युवक ने दीवार फांदकर स्कूल परिसर में प्रवेश किया और तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले एक 8 वर्षीय मासूम छात्र पर डंडे से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में छात्र बुरी तरह घायल हो गया है, जिसके शरीर से काफी खून बहा है।
जानकारी के अनुसार, घटना 16 फरवरी (सोमवार) की है। पीड़ित छात्र चेतन निर्मलकर का पुत्र है और भानपुरी स्कूल में कक्षा तीसरी का छात्र है। दोपहर के समय जब छात्र भोजन करने के बाद बाथरूम की ओर जा रहा था, तभी गांव के ही एक सनकी युवक ने स्कूल की बाउंड्रीवाल फांदकर अंदर प्रवेश किया।
युवक ने बिना किसी कारण के मासूम को पकड़ लिया और डंडे से उसकी बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि आरोपी ने बच्चे को जमीन पर घसीट-घसीटकर पीटा, जिससे उसके चेहरे, पीठ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं।
दहशत में मासूम, बोलने की स्थिति में नहीं
घटना के बाद घायल छात्र को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। बच्चे के पिता ने बताया कि पिटाई इतनी खौफनाक थी कि थाने पहुंचते समय बच्चा बुरी तरह सहमा हुआ था और कुछ भी बोलने की स्थिति में नहीं था। फिलहाल उपचार के बाद छात्र की शारीरिक स्थिति स्थिर है, लेकिन वह गहरे मानसिक सदमे (ट्रॉमा) में है।
आरोपी युवक की हरकतों से पूरा गांव परेशान है। ग्रामीणों का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और वह अक्सर सनकी व्यवहार करता है। इससे पहले भी उसकी कई शिकायतें की गई हैं, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने अर्जुनी थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में कोई और बच्चा इसका शिकार न बने।
पीड़ित छात्र के पिता ने बताया कि “जब मैं काम से घर लौटा तो पता चला कि मेरे बेटे को स्कूल के अंदर घुसकर पीटा गया है। वह डरा हुआ है। हम चाहते हैं कि ऐसे व्यक्ति पर सख्त कार्रवाई हो ताकि स्कूल में बच्चे सुरक्षित रह सकें।”
इस मामले में अर्जुनी थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि पालकों की शिकायत दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी गई है और जांच के उपरांत आरोपी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।