

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

'Seva Sankalp Abhiyan': Finance Minister OP Choudhary performs the groundbreaking ceremony for development works worth ₹29.99 crore in Kharraghat and contributes voluntary labor to the cleanliness drive.
रायगढ़। सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के अंतर्गत रायगढ़ के खर्राघाट में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शहरी अधोसंरचना विकास को एक साथ जोड़ते हुए बड़े विकास कार्यों की शुरुआत हुई। वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी ने गुरुवार को करीब 29.99 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का भूमिपूजन किया।
इस अवसर पर वित्त मंत्री ने जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नागरिकों के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान किया। उन्होंने केलो नदी में डुबकी लगाकर नदी को नमन भी किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता किसी एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की निरंतर जिम्मेदारी है।

परियोजना के तहत शनि मंदिर से खर्राघाट पुल तक करीब 2 किलोमीटर क्षेत्र का व्यापक विकास किया जाएगा। सड़क का सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन करने के साथ नाली निर्माण, पैदल पथ और नदी तट का सौंदर्यीकरण किया जाएगा।
इसके अलावा पचरी घाट का नवीनीकरण किया जाएगा और इसे पाथवे से जोड़ने के लिए संपर्क मार्ग विकसित होगा। शनि मंदिर के पास तिराहे का चौड़ीकरण कर यातायात व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जाएगा।
खर्राघाट में करीब 8.50 एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजोन विकसित किया जाएगा। यहां सघन पौधरोपण के साथ पार्किंग, पाथवे, घाट और व्यायाम एवं स्वास्थ्य संबंधी सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
ऑक्सीजोन और घाट के बीच सुरक्षित आवागमन के लिए मौजूदा पुल के नीचे अंडरपास यानी बॉक्स कल्वर्ट का निर्माण भी किया जाएगा।
खर्राघाट का विकास केवल सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रहेगा। परियोजना के तहत इसे हरियाली, स्वास्थ्य और मनोरंजन से जुड़ी सुविधाओं वाले सुव्यवस्थित सार्वजनिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है।

यहां नागरिकों के लिए मॉर्निंग वॉक और नाइट वॉक, पाथवे, व्यायाम स्थल और बेहतर घाट विकसित किए जाएंगे। परिवारों के साथ समय बिताने के लिए भी सुविधाजनक सार्वजनिक स्थान तैयार किया जाएगा।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने बताया कि खर्राघाट से शनि मंदिर की दिशा में आगे मरीन ड्राइव विकसित करने की योजना पर भी काम किया जा रहा है। इससे आने वाले समय में केलो नदी तट का चरणबद्ध और व्यवस्थित विकास किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि केलो नदी रायगढ़ की पहचान, आस्था और संस्कृति से जुड़ी है। इसलिए नदी और उसके तटों को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ स्थायी विकास पर जोर दिया जा रहा है।
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र के विस्तार को भी प्राथमिकता दी जा रही है। शहर के विभिन्न हिस्सों में गार्डन और ऑक्सीजोन विकसित किए जा रहे हैं।
उन्होंने आने वाले पांच वर्षों में रायगढ़ में 10 से अधिक ऑक्सीजोन विकसित करने के लक्ष्य का उल्लेख करते हुए कहा कि खर्राघाट का ऑक्सीजोन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
खर्राघाट विकास परियोजना के लिए सीएसआर मद से 29.99 करोड़ रुपये की प्रशासकीय एवं तकनीकी स्वीकृति प्रदान की गई है। परियोजना की अनुबंधित राशि 26.39 करोड़ रुपये है।

कार्यादेश 24 जून 2026 को जारी किया गया था और परियोजना को दो वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। वित्त मंत्री ने कहा कि प्रयास किया जाएगा कि कार्य निर्धारित समय-सीमा से पहले पूरा कर नागरिकों को समर्पित किया जाए।
कार्यक्रम के दौरान सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘लोकल फॉर वोकल’ प्रदर्शनी भी लगाई गई। वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया और स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों एवं विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण भी किया।
कार्यक्रम में लोकसभा सांसद राधेश्याम राठिया, राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह, नगर निगम महापौर जीवर्धन चौहान, सभापति डिग्रीलाल साहू, सुभाष पाण्डेय, मनीष कंकरवाल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन और नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नागरिकों ने भी भाग लिया।