

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Mahadev Online Betting App Scam: CBI arrests accused Abhishek Kumar upon his return from Dubai.
रायपुर। महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप घोटाले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रमुख आरोपियों में शामिल और वांछित आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक, अभिषेक कुमार को दुबई से लौटने के बाद हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया।
जांच में सामने आया है कि अभिषेक कुमार महादेव बुक के तहत ऑनलाइन बेटिंग और जुआ संचालन में सक्रिय रूप से शामिल था। उस पर पैनल के समन्वय, फंड कलेक्शन और सट्टे से अर्जित अवैध रकम से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल करने में भूमिका निभाने का आरोप है।
CBI के अनुसार, गिरफ्तारी के तुरंत बाद आरोपी की तलाशी ली गई। इस दौरान उसके कब्जे से कई आपत्तिजनक एवं जांच से संबंधित सामग्री बरामद कर जब्त की गई।
जांच एजेंसी का कहना है कि जब्त सामग्री प्रथम दृष्टया महादेव बेटिंग ऐप के संचालन में अभिषेक कुमार की सक्रिय भूमिका की ओर संकेत करती है। CBI के मुताबिक, आरोपी महादेव ऐप के अन्य प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम करता था।
गिरफ्तारी के बाद अभिषेक कुमार को हैदराबाद की स्थानीय अदालत में पेश किया गया। अदालत से CBI को आरोपी की तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिली।
इसके बाद आरोपी को रायपुर लाया गया और रायपुर कोर्ट में पेश किया गया। यहां से CBI ने उसे दो दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया है।
महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग पुलिस थानों में दर्ज 13 FIR को राज्य सरकार ने CBI को ट्रांसफर किया था। CBI ने इन मामलों को अपने हाथ में लेकर जांच शुरू की थी।
जांच एजेंसी के अनुसार, अब तक इस मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। इनमें महादेव ऑनलाइन बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटर, पैनल संचालक, हवाला ऑपरेटर और छत्तीसगढ़ सरकार के कुछ लोक सेवक शामिल हैं।
CBI ने बताया कि मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य फरार आरोपियों का पता लगाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। जांच एजेंसी महादेव बेटिंग ऐप के मुख्य प्रमोटरों को भारत वापस लाकर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की दिशा में भी काम कर रही है।
अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। इसके अलावा दो आरोपियों के खिलाफ प्रत्यर्पण की कार्यवाही भी चल रही है।
CBI ने कहा कि जांच का उद्देश्य केवल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। एजेंसी अवैध ऑनलाइन बेटिंग और जुए के जरिए अर्जित अपराध की रकम यानी प्रोसीड्स ऑफ क्राइम का पता लगाने और उससे जुड़ी संपत्तियों एवं वित्तीय लेनदेन को ट्रेस करने का भी प्रयास कर रही है। जांच एजेंसी के मुताबिक, महादेव ऑनलाइन बेटिंग से जुड़े सभी आरोपियों की भूमिका और अवैध गतिविधियों से अर्जित धन के स्रोत की जांच जारी है।