

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Former Chief Minister Dr. Raman Singh arrived in Durg.
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह सोमवार को दुर्ग पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए संसद में पारित 'एंटी-पेपर लीक' संशोधन विधेयक का स्वागत किया और इसे युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की दिशा में बड़ा कदम बताया। साथ ही उन्होंने विपक्ष के संसद में हंगामे, बस्तर के युवाओं की भूमिका और डोंगरगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफों जैसे मुद्दों पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी।


एंटी-पेपर लीक कानून पर कही बड़ी बात
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि पेपर लीक जैसी घटनाओं पर रोक लगाने के लिए केंद्र सरकार ने बेहद सख्त कानून बनाया है। उन्होंने कहा कि इस कानून में 10 करोड़ रुपये तक के जुर्माने और 10 साल तक की सजा का प्रावधान किया गया है, जिससे परीक्षा प्रणाली में होने वाले भ्रष्टाचार पर स्थायी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने कहा कि पहले जिस तरह लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आती थीं और युवाओं का भविष्य प्रभावित होता था, अब इस कानून के लागू होने के बाद ऐसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी।
यूपी मॉडल का किया जिक्र
रमन सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में जिस तरह नकल के खिलाफ कठोर अभियान चलाया गया था, उसी प्रकार अब पूरे देश में भी परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी बनाने की दिशा में यह कानून अहम साबित होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में पेपर लीक और परीक्षा से जुड़े अन्य घोटालों का पूरी तरह अंत होगा।


विपक्ष के हंगामे पर साधा निशाना
संसद की कार्यवाही में विपक्ष के विरोध को लेकर उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार हंगामा कर रहा है और सदन की कार्रवाई नहीं चलने दे रहा है। उनके मुताबिक, पेपर लीक का मुद्दा किसी दल का नहीं बल्कि देश और युवाओं के भविष्य से जुड़ा विषय है।
उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर पक्ष और विपक्ष से ऊपर उठकर सभी को समर्थन देना चाहिए था, लेकिन विपक्ष ने इस महत्वपूर्ण विषय पर सकारात्मक भूमिका नहीं निभाई।
बस्तर के युवाओं की जमकर तारीफ
बस्तर के युवाओं और विशेष रूप से डंडामी मारिया जनजाति के युवाओं का उल्लेख करते हुए डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्होंने अपने 15 वर्षों के मुख्यमंत्री कार्यकाल में उनकी क्षमता और साहस को करीब से देखा है।
उन्होंने कहा कि जिला रिजर्व गार्ड (DRG) में इन युवाओं ने जिस तरह बहादुरी दिखाई है, वह अद्भुत है। उनके अनुसार, यह टीम भविष्य में नगा बटालियन जैसी मजबूत और सक्षम सुरक्षा इकाई बन सकती है।
उन्होंने कहा कि बस्तर के ये युवा संघर्ष से पीछे हटना नहीं जानते और देश व प्रदेश के लिए गौरव का विषय हैं।
डोंगरगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के इस्तीफे पर क्या बोले?
डोंगरगढ़ में भाजपा कार्यकर्ताओं के कथित इस्तीफों को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. रमन सिंह ने कहा कि उन्हें इस संबंध में फिलहाल कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि इस मामले की जानकारी जिला अध्यक्ष से ली जाएगी और उसके बाद ही कुछ कहा जा सकेगा।
युवाओं के हित में कानून का बताया बड़ा कदम
डॉ. रमन सिंह ने कहा कि एंटी-पेपर लीक कानून युवाओं के हित में उठाया गया एक ऐतिहासिक कदम है। इससे भर्ती परीक्षाओं की विश्वसनीयता बढ़ेगी, योग्य अभ्यर्थियों को न्याय मिलेगा और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस कानून से भविष्य में पेपर लीक जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगेगी और युवाओं का भरोसा परीक्षा व्यवस्था पर और मजबूत होगा।