

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Fraud racket involving tourism bookings; FIR against four; Chhattisgarh Tourism issues alert.
रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रमुख पर्यटन स्थलों में मौजूद पर्यटन मंडल के होटल और मोटलों के नाम पर ऑनलाइन ठगी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। पर्यटकों को सस्ते कमरे, टूर पैकेज और अन्य पर्यटन सुविधाओं की बुकिंग का झांसा देकर साइबर ठग लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। इस तरह के करीब चार मामलों में एफआईआर भी दर्ज की गई है। मामलों को देखते हुए पर्यटन मंडल के अफसरों ने पर्यटकों के लिए गंभीर साइबर सुरक्षा अलर्ट जारी किया है।
पर्यटन मंडल को ऐसी कई फर्जी वेबसाइट और सोशल मीडिया विज्ञापनों की जानकारी मिली है, जिनमें छत्तीसगढ़ पर्यटन के नाम पर फर्जी बुकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने का दावा किया जा रहा है। ठग पर्यटन मंडल के नाम, लोगो, पर्यटन स्थलों की तस्वीरों और प्रचार सामग्री का इस्तेमाल कर लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रहे हैं।
साइबर ठग पर्यटकों को आकर्षक ऑफर और बाजार दर से कम कीमत पर होटल रूम, पर्यटन आवास, टूर पैकेज तथा अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का झांसा देते हैं। इसके बाद फर्जी बुकिंग के नाम पर ऑनलाइन भुगतान कराया जाता है। भुगतान होने के बाद कई मामलों में पर्यटकों को न तो बुकिंग मिलती है और न ही रकम वापस की जाती है।
पर्यटन मंडल ने पर्यटकों से अपील की है कि पर्यटन स्थलों, आवासीय सुविधाओं और अन्य पर्यटन सेवाओं की बुकिंग के लिए केवल छत्तीसगढ़ पर्यटन की आधिकारिक वेबसाइट tourism.cgstate.gov.in का ही उपयोग करें। किसी अनजान वेबसाइट, मोबाइल नंबर, सोशल मीडिया अकाउंट या संदिग्ध लिंक के माध्यम से बुकिंग करने से बचें।
बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि किसी भी व्यक्ति के निजी बैंक खाते, संदिग्ध भुगतान माध्यम या अनजान मोबाइल नंबर पर रकम ट्रांसफर न करें। बुकिंग से पहले वेबसाइट और भुगतान की जानकारी की अच्छी तरह जांच करना बेहद जरूरी है।
पर्यटन मंडल ने पर्यटकों से अपील की है कि वे किसी भी आकर्षक ऑफर के झांसे में आने से पहले उसकी सत्यता जांचें। फर्जी वेबसाइट या संदिग्ध बुकिंग लिंक दिखाई देने पर उस पर व्यक्तिगत और बैंकिंग जानकारी साझा न करें। मंडल की ओर से सामने आए फर्जीवाड़े के मामलों को देखते हुए पर्यटकों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।