

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Gautam Gambhir moves court against deepfakes and AI misuse, seeking 2.5 crore damages
नई दिल्ली। टीम इंडिया के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने अपनी छवि और व्यक्तिगत अधिकारों की सुरक्षा को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने एआई से तैयार की गई तस्वीरों और वीडियो के दुरुपयोग पर रोक लगाने की मांग करते हुए याचिका दायर की है।
डीपफेक और फर्जी कंटेंट पर आपत्ति
गंभीर ने अधिवक्ता जय अनंत देहाद्राई के माध्यम से दाखिल याचिका में कहा है कि उनकी तस्वीर, वीडियो, आवाज और अन्य डिजिटल सामग्री का बिना अनुमति इस्तेमाल किया जा रहा है। एआई आधारित डीपफेक तकनीक के जरिए गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने की कोशिश हो रही है, जिससे उनकी छवि को नुकसान पहुंच रहा है।
सोशल मीडिया और ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी आरोप
याचिका में यह भी कहा गया है कि इंस्टाग्राम, एक्स, यूट्यूब और फेसबुक जैसे प्लेटफॉर्म पर फर्जी और मनगढ़ंत कंटेंट तेजी से बढ़ा है। इसके अलावा कुछ ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर भी उनके नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर सामान बेचा जा रहा है, जो पूरी तरह अवैध है।
कोर्ट से क्या मांगी गई राहत
गंभीर ने अदालत से मांग की है कि उनकी छवि, आवाज और डिजिटल पहचान के अनधिकृत उपयोग पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही, इंटरनेट से सभी फर्जी और आपत्तिजनक सामग्री हटाने के निर्देश दिए जाएं। उन्होंने आरोपियों से 2.5 करोड़ रुपये के हर्जाने की भी मांग की है।
पहले भी दायर हो चुकी हैं ऐसी याचिकाएं
इससे पहले कई फिल्मी हस्तियों और सार्वजनिक व्यक्तियों ने भी डीपफेक और एआई दुरुपयोग के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाया है, जिन पर कोर्ट ने अंतरिम आदेश भी दिए हैं।
फिलहाल, इस याचिका पर आने वाले समय में सुनवाई होने की संभावना है, जिससे एआई और डिजिटल कंटेंट के दुरुपयोग पर अहम कानूनी दिशा तय हो सकती है।