

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Crime News: Gold worth Rs 7.88 crore stolen in Borivali, Mumbai; two accused arrested
मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के बोरीवली इलाके में करोड़ों रुपये की ज्वेलरी चोरी से सनसनी फैल गई है। चोरों ने एक ज्वेलरी शॉप से करीब 5 किलो सोना पार कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि वारदात में अंदरूनी मिलीभगत शामिल थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि एक नाबालिग को हिरासत में लेकर ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है। एक अन्य आरोपी अभी फरार है।
आईसी कॉलोनी की ज्वेलरी शॉप बनी निशाना
चोरी की यह घटना बोरीवली पश्चिम स्थित आईसी कॉलोनी में ‘My Gold Point’ नामक ज्वेलरी दुकान में 13 और 14 जनवरी 2026 की दरमियानी रात को हुई। सुबह दुकान खुलने पर शोकेस खाली मिले और करीब 7 करोड़ 88 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण गायब पाए गए।
डुप्लीकेट चाबी से दिया वारदात को अंजाम
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने दुकान का ताला तोड़ने के बजाय डुप्लीकेट चाबी का इस्तेमाल किया। जबरन घुसपैठ के निशान न मिलने से पुलिस को शुरुआत में ही अंदरूनी साजिश का शक हुआ। आरोपियों ने बड़ी सफाई से शोकेस में रखे करीब 5 किलो सोने के आभूषण समेटे और फरार हो गए।
घटना के बाद दुकान के दो कर्मचारी अचानक गायब हो गए, जिससे शक और गहरा गया। सीसीटीवी फुटेज खंगालने और पूछताछ में पता चला कि दुकान बंद करने और चाबी संभालने की जिम्मेदारी इन्हीं कर्मचारियों के पास थी। इसी भरोसे का फायदा उठाकर डुप्लीकेट चाबी तैयार की गई।
दो आरोपी गिरफ्तार, 3.1 किलो सोना बरामद
पुलिस ने मुख्य आरोपी गणपत चदाना (26) और किशनलाल उर्फ भैरू बगालाल रेबारी (21) को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर अब तक 3 किलो 100 ग्राम सोना बरामद किया गया है। एक नाबालिग की संलिप्तता भी सामने आई है, जिसे ऑब्जर्वेशन होम भेजा गया है।
फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक एक अन्य आरोपी अभी फरार है, जिसके पास करीब 4 किलो सोना होने की आशंका है। तकनीकी सर्विलांस और स्थानीय नेटवर्क की मदद से उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।
कारोबारियों में दहशत
इस बड़ी चोरी के बाद इलाके के ज्वेलरी कारोबारियों में चिंता का माहौल है। व्यापारियों का कहना है कि अंदरूनी मिलीभगत से हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि फरार आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा और बरामदगी की कार्रवाई तेज की गई है।