

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Government takes a strict stance on the buying and selling of newborns; hospital licenses will be cancelled.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नवजात शिशुओं की खरीद-फरोख्त करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा होने के बाद राज्य सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने स्पष्ट किया है कि इस गंभीर अपराध में किसी अस्पताल की संलिप्तता प्रमाणित होने पर उसका लाइसेंस रद्द कर दिया जाएगा। वहीं, दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों की डिग्री फ्रीज करने की कार्रवाई भी की जाएगी।
दरअसल, राजधानी में नवजात बच्चों की अवैध खरीद-फरोख्त का मामला सामने आने के बाद पुलिस और स्वास्थ्य विभाग ने जांच तेज कर दी है। शुरुआती जांच में इस गिरोह के तार दूसरे राज्यों से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। आरोप है कि गिरोह के सदस्य संगठित तरीके से नवजात बच्चों का अवैध सौदा कर रहे थे। इस पूरे मामले में अस्पताल से जुड़े कुछ लोगों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
पुलिस ने इस मामले में दिवाकर मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के एक डॉक्टर समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और इस अवैध नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में जुटी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस नेटवर्क का विस्तार किन-किन राज्यों तक है और इसमें कौन-कौन लोग शामिल हैं।
स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल ने कहा कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त जैसे अमानवीय अपराध को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। यदि जांच में अस्पताल की संलिप्तता या नियमों का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो अस्पताल का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।
मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि चिकित्सा पेशे की आड़ में इस तरह के अपराध करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। मामले में दोषी पाए जाने वाले डॉक्टरों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनकी डिग्री फ्रीज करने के लिए संबंधित चिकित्सा संस्थानों और नियामक प्राधिकरणों के साथ समन्वय कर आवश्यक प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
सरकार के इस सख्त रुख के बाद अब सबकी नजर पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की जांच पर टिकी है। जांच में यह सामने आना बाकी है कि नवजात बच्चों की खरीद-फरोख्त के इस नेटवर्क में कितने लोग शामिल हैं और इसके तार किन-किन राज्यों तक फैले हुए हैं।