

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Police action against 'chitta' (synthetic drug) smuggling; 14 accused arrested in two separate cases
भिलाई। दुर्ग-भिलाई में प्रतिबंधित मादक पदार्थ चिट्टा की अवैध बिक्री के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। खुर्सीपार में चिट्टा बिक्री के बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस ने दो और आरोपितों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दूसरे मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया गया है। दोनों मामलों में पुलिस अब तक कुल 14 आरोपितों को गिरफ्तार कर चुकी है।
खुर्सीपार थाना क्षेत्र के जोन क्रमांक तीन में चिट्टा की अवैध बिक्री के मामले में गिरफ्तार आरोपितों की पहचान रबेल सिंह (26), निवासी गोकुल नगर जामुल और गौरव अहिरवार (21), निवासी बाबादीप सिंह नगर वैशाली नगर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस सितंबर माह में दो अपचारी बालकों सहित 11 आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। अब दो और गिरफ्तारियों के बाद इस प्रकरण में गिरफ्तार आरोपितों की संख्या 13 हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन क्रमांक तीन स्थित जीरो स्ट्रीट में जसबीर कौर के मकान से चिट्टा की बिक्री की जा रही है। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर जसबीर कौर उर्फ सोनू को पकड़ा था। मकान की तलाशी में 70.460 ग्राम चिट्टा, 2 लाख 38 हजार रुपये नकद, सोने के 19 आभूषण, चांदी के आभूषण और बर्तन, मोबाइल फोन तथा इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किए गए थे। शुरुआती कार्रवाई में करीब 29.22 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई थी।
आरोपितों से पूछताछ और मिले साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने चिट्टा बिक्री के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की। इसी कड़ी में 24 नवंबर को रबेल सिंह और गौरव अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से नकदी, दो मोबाइल फोन और हुंडई आई-20 कार सहित करीब 10.73 लाख रुपये की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी स्कूल-कॉलेज के युवाओं को चिट्टा बेचकर आर्थिक लाभ कमा रहे थे।
मंडला से पकड़ा गया चिट्टा तस्करी का फरार आरोपी
इधर, सुपेला थाना पुलिस ने चिट्टा की अवैध बिक्री के एक अन्य मामले में फरार चल रहे वैभव सोनी (25), निवासी हाउसिंग बोर्ड जामुल को मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ लोग लाल रंग की कार में चिट्टा रखकर कोसानगर-गांधीनगर क्षेत्र में ग्राहकों की तलाश कर रहे हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर मोहम्मद इम्तियात उर्फ सरफराज (27) और मोहम्मद फैजान (27) को गिरफ्तार किया था। उनके कब्जे से 8.85 ग्राम चिट्टा, दो मोबाइल फोन और घटना में इस्तेमाल की गई लाल रंग की कार (CG 07 CV 3587) जब्त की गई थी।
इस कार्रवाई के दौरान वैभव सोनी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी। आखिरकार उसे मध्यप्रदेश के मंडला से गिरफ्तार कर लिया गया।
इस तरह खुर्सीपार और सुपेला थाना क्षेत्र के दोनों मामलों में अब तक कुल 14 आरोपितों की गिरफ्तारी हो चुकी है। पुलिस चिट्टा की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े नेटवर्क की जांच कर रही है।