

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Heavy rush on trains from Raipur to Bengal ahead of Durga Puja; passengers face increased difficulty in securing confirmed berths.
रायपुर। पश्चिम बंगाल में दुर्गा पूजा को लेकर रायपुर से बंगाल जाने वाले यात्रियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। 15 से 22 अक्टूबर के बीच हावड़ा और शालीमार रूट पर चलने वाली अधिकांश ट्रेनों में एक महीने पहले ही सीटें तेजी से भर गई हैं। कई ट्रेनों में वेटिंग लंबी हो चुकी है, जबकि कुछ श्रेणियों में बुकिंग 'रेग्रेट' यानी नो मोर बुकिंग की स्थिति में पहुंच गई है।
पश्चिम बंगाल में इस वर्ष दुर्गा पूजा की शुरुआत 16 अक्टूबर को महा पंचमी से होगी और 21 अक्टूबर को विजयादशमी के साथ इसका समापन होगा। पूजा में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग रायपुर और आसपास के क्षेत्रों से पश्चिम बंगाल का रुख करते हैं। इसके चलते हावड़ा और शालीमार रूट की ट्रेनों में अभी से जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है।
दुर्गा पूजा के दौरान बंगाल जाने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों में कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। स्लीपर से लेकर एसी कोच तक कई श्रेणियों में वेटिंग लिस्ट काफी लंबी है। कुछ तारीखों पर तो टिकट बुकिंग पूरी तरह बंद हो चुकी है।
हावड़ा दुरंतो एक्सप्रेस (12261) में 15 अक्टूबर की यात्रा रद्द है। वहीं 16 अक्टूबर को एसी-3 में 26 वेटिंग है, जबकि एसी-2 और एसी-1 में 'रेग्रेट' की स्थिति बनी हुई है। 18 अक्टूबर को एसी-3 में 8 और एसी-2 में 4 वेटिंग दर्ज है। हालांकि 21 अक्टूबर को एसी-3 में 36 और एसी-2 में 7 सीटें उपलब्ध दिखाई दे रही हैं।
शालीमार एसएफ एक्सप्रेस (12905) में 15 और 16 अक्टूबर की यात्रा के लिए स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 श्रेणियों में सीटों की भारी मांग है। कई श्रेणियों में सीटें पूरी तरह समाप्त हो चुकी हैं, जबकि कुछ में लंबी वेटिंग चल रही है।
आजाद हिंद एक्सप्रेस (12129) में 15, 16 और 17 अक्टूबर को स्लीपर तथा एसी-3 और एसी-2 कोचों में यात्रियों की भारी मांग है। अधिकांश श्रेणियों में बुकिंग बंद हो चुकी है। वहीं 21 और 22 अक्टूबर को भी लंबी वेटिंग लिस्ट बनी हुई है।
एलटीटी शालीमार एक्सप्रेस (18029) में 15 अक्टूबर को स्लीपर में 47 वेटिंग और एसी-3 में 29 वेटिंग दर्ज की गई। 16 और 17 अक्टूबर को भी लगभग सभी कोचों में लंबी वेटिंग है। हालांकि 21 अक्टूबर को स्लीपर में 16 सीटें उपलब्ध दिखाई दे रही थीं। एसी-3 और एसी-2 में भी सीटें उपलब्ध हैं।
ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस (12101) में 17 अक्टूबर को स्लीपर में 49 वेटिंग और एसी-3 में 41 वेटिंग चल रही है। एसी-2 में बुकिंग बंद हो चुकी है। ऐसे में इस ट्रेन से यात्रा की योजना बना रहे यात्रियों के लिए कन्फर्म टिकट हासिल करना चुनौतीपूर्ण हो गया है।
गीतांजलि एक्सप्रेस (12859) और हावड़ा मेल (12809) में 15 से 22 अक्टूबर के बीच अधिकांश श्रेणियों में या तो 'रेग्रेट' की स्थिति है या फिर लंबी वेटिंग के साथ सीमित सीटें उपलब्ध हैं। पूजा के नजदीक आने के साथ इन ट्रेनों में मांग और बढ़ने की संभावना है।
कर्मभूमि एक्सप्रेस (22511) में 21 अक्टूबर को स्लीपर, एसी-3 और एसी-2 तीनों श्रेणियों में बुकिंग बंद हो चुकी है। हालांकि स्लीपर श्रेणी में टिकट कन्फर्म होने की 91 प्रतिशत संभावना दिखाई जा रही है।
दुर्गा पूजा के दौरान पश्चिम बंगाल जाने वाले यात्रियों के लिए सबसे बड़ी चुनौती कन्फर्म टिकट हासिल करना है। अधिकांश प्रमुख ट्रेनों में अभी से सीटों की उपलब्धता सीमित होने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक तारीख, दूसरी ट्रेन या कनेक्टिंग रूट तलाशना पड़ सकता है। पूजा के नजदीक आने पर ट्रेनों में भीड़ और वेटिंग बढ़ने की संभावना है।