

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chhattisgarh: Heavy vehicles banned from entering Raipur during the day, strict restrictions imposed on 18 major routes, from 5 am to 12 midnight.
रायपुर। शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क हादसों की आशंका को देखते हुए पुलिस ने बड़ा फैसला लिया है। रिंग रोड-1 और रिंग रोड-2 से शहर में प्रवेश करने वाले 18 प्रमुख मार्गों पर अब दिन के समय भारी मालवाहक वाहनों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। यह व्यवस्था 18 अप्रैल तक लागू रहेगी।
ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने के लिए कदम
पुलिस के अनुसार, शहर में दिनभर ट्रैफिक का दबाव बना रहता है, खासकर स्कूल समय में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है। ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही से जाम और अव्यवस्था बढ़ती है। कई बार चालक प्रतिबंधित मार्गों से भी जबरन प्रवेश कर लेते हैं, जिससे यातायात प्रभावित होता है। इसी को ध्यान में रखते हुए सुबह 5 बजे से रात 12 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
नियम तोड़ने पर सख्त कार्रवाई
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि प्रतिबंध के दौरान यदि कोई भारी वाहन शहर में प्रवेश करता पाया गया तो उसे जब्त किया जाएगा और संबंधित चालक पर भारी जुर्माना भी लगाया जाएगा।
इन प्रमुख मार्गों पर लागू रहेगा प्रतिबंध
तेलीबांधा चौक, केनाल रोड, महावीर नगर चौक, राजेंद्रनगर चौक, पचपेड़ी नाका चौक, संतोषीनगर चौक, भाठागांव चौक, कुशालपुर चौक, रायपुरा चौक, डीडी नगर, अरिहंत नगर, टाटीबंध, हीरापुर टर्निंग, गोगांव तिराहा, गोंदवारा तिराहा, भनपुरी (पाटीदार भवन तक), विधानसभा रोड (वीआईपी तिराहा) और एक्सप्रेस-वे ब्रिज (रिंग रोड-1) शामिल हैं।
लोगों को मिलेगी राहत
इस फैसले से दिन में ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। साथ ही स्कूल समय में सड़क सुरक्षा बेहतर होगी। हालांकि, रिंग रोड पर डायवर्जन के कारण दबाव बढ़ने की संभावना जताई जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील की है।