

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Horrible road accident in Indore: Truck entered no-entry zone and crushed vehicles for 1.25 km, 2 dead, more than 35 injured
इंदौर। मध्यप्रदेश की व्यावसायिक राजधानी इंदौर बीते सोमवार शाम एक भयावह सड़क हादसे का गवाह बनी। शहर के एरोड्रम इलाके में शाम 7:20 बजे नो-एंट्री क्षेत्र में घुसे एक लोडेड ट्रक ने लगभग सवा किलोमीटर तक मौत का तांडव मचाया। ट्रक ने तेज रफ्तार में करीब 35 वाहनों को कुचल दिया, जिनमें कई दोपहिया, कारें, ई-रिक्शा और ऑटो शामिल थे।
हादसे में 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 35 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घायलों को पास के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसा कालानी नगर चौराहे के पास करणावत रेस्टोरेंट से शुरू होकर बड़े गणपति तक चला। इस दौरान ट्रक कई वाहनों को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ता गया।
4 से 5 कारें ट्रक के साथ 20 से 25 फीट तक घसीटती चली गईं। रामचंद्र नगर चौराहे पर एक ई-रिक्शा और ऑटो ट्रक से टकराकर पलट गए। सड़क पर लगभग 300 मीटर तक टायरों के निशान स्पष्ट दिखाई दिए।
प्रत्यक्षदर्शी पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने बताया कि एक बाइक सवार ट्रक के आगे फंस गया था। ट्रक दौड़ता रहा और उसके हाथ-पांव कटते-फटते सड़क पर बिखरते रहे। यह दृश्य देखकर कई महिलाएं और बच्चे दहशत में बेहोश हो गए।
इसी दौरान बाइक से रिस रहे पेट्रोल में आग लग गई और देखते ही देखते ट्रक भी आग की लपटों में घिर गया। लोगों ने बड़ी मशक्कत के बाद बाइक सवार को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि ट्रक चालक और परिचालक नशे की हालत में वाहन चला रहे थे। दोनों को मौके पर ही हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने ट्रक को जब्त कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
हादसे के बाद एरोड्रम और आसपास के इलाके में अफरातफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया।