

Copyright © 2025 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Chittoor Bus Accident: Horrific bus accident in Chittoor; Bus full of pilgrims falls into ditch, 9 dead, 22 injured; CM Naidu expresses grief
चित्तूर। आंध्र प्रदेश के चित्तूर में गुरुवार और शुक्रवार की दरमियानी रात एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। चित्तूर के मरेडुमिल्ली घाट क्षेत्र में तीर्थयात्रियों से भरी एक बस गहरे खाई में गिर गई। बस में कुल 35 यात्री सवार थे, जिनमें चालक और परिचालक शामिल थे। हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 22 लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को तत्काल भद्राचलम क्षेत्रीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, दुर्घटना अल्लूरी सीताराम राजू जिले के चिंतुरु–मारेदुमिल्ली घाट सड़क के पास हुई। मोड़ पर चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिसके कारण वाहन गहरी खाई में जा गिरा। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। बस पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसा कुछ ही सेकंड में हुआ और क्षेत्र में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोग और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। रात होने के बावजूद बचाव कार्य तेजी से जारी है।
तीर्थयात्रा पर निकला था समूह
प्रारंभिक जानकारी बताती है कि बस में सवार सभी यात्री भद्राचलम मंदिर के दर्शन कर चुके थे और अन्नवरम मंदिर की ओर जा रहे थे। यह बस चित्तूर जिले से किराए पर ली गई थी और पूरी तरह यात्रियों से भरी हुई थी।
प्रशासन अलर्ट, मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका
ASR जिला कलेक्टर दिनेश कुमार ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि अब तक 9–10 लोगों की मौत की सूचना है। कई घायलों की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
मुख्यमंत्री नायडू ने व्यक्त किया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को घटनास्थल पर पहुंचने के निर्देश दिए और घायल यात्रियों को सर्वोत्तम इलाज उपलब्ध कराने के आदेश दिए।
सीएम नायडू ने सोशल मीडिया पर कहा,“चिंतूर के पास तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस के दुर्घटनाग्रस्त होने की खबर से अत्यंत दुखी हूं। कई लोगों की जान जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। अधिकारियों से पीड़ितों को दी जा रही सहायता की जानकारी ली है। उम्मीद है कि घायलों को बेहतर उपचार मिलेगा।”
इलाके में शोक और दहशत
हादसे के बाद आसपास के इलाके में शोक की लहर फैल गई है। बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुटे हैं, जबकि पुलिस ने सुरक्षा घेरे में लेकर रेस्क्यू अभियान जारी रखा है। बस के मलबे को हटाने का प्रयास जारी है और घायलों को लगातार अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।