

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

IPL 2026 craze reaches its peak in Raipur, MI vs RCB match tickets sold out within minutes
रायपुर। मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच 10 मई को होने वाले बहुप्रतीक्षित मुकाबले ने राजधानी रायपुर में क्रिकेट का माहौल पूरी तरह गर्म कर दिया है। मैच के टिकटों की बिक्री शुरू होते ही हजारों फैंस ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर टूट पड़े और कुछ ही मिनटों में अधिकांश टिकट सोल्ड आउट हो गए।
2600 से 8000 रुपये तक की कीमत वाले टिकट तेजी से बिके। खासकर 2600 और 2700 रुपये वाले करीब 3000 से अधिक टिकट तुरंत खत्म हो गए। पहले चरण में स्टेडियम की फ्रंट सीटें पहले ही भर चुकी थीं, जिसके चलते दूसरे चरण में अधिकतर पीछे की सीटों के टिकट उपलब्ध थे। इसके बावजूद महंगे टिकटों की मांग भी देर शाम तक बनी रही।
RCB vs KKR मुकाबले के टिकटों की बिक्री अपेक्षाकृत धीमी
13 मई को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर दर्शकों का उत्साह फिलहाल थोड़ा कम नजर आ रहा है। अब तक इस मैच के लगभग 60 प्रतिशत टिकट ही बिक पाए हैं, जबकि करीब 40 प्रतिशत टिकट अभी भी उपलब्ध बताए जा रहे हैं।
टिकटों की कालाबाजारी ने बढ़ाई परेशानी
मैचों की बढ़ती लोकप्रियता के बीच टिकटों की कालाबाजारी भी तेजी से फैल रही है। शहर में एजेंट और दलाल टिकटों को कई गुना अधिक कीमत पर बेच रहे हैं।
सूत्रों के मुताबिक, लगभग 3000 रुपये वाला टिकट 6000 रुपये या उससे अधिक कीमत पर बेचा जा रहा है। लोअर और अपर स्टैंड के टिकट 5500 से 8000 रुपये तक पहुंच गए हैं, जबकि प्रीमियम ए और बी स्टैंड के टिकट 16000 रुपये तक में उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस कालाबाजारी के कारण आम क्रिकेट प्रेमियों के लिए टिकट खरीदना काफी मुश्किल हो गया है।
रायपुर पहुंची मुंबई इंडियंस की टीम
10 मई के मुकाबले के लिए मुंबई इंडियंस की टीम रायपुर पहुंच चुकी है। रोहित शर्मा, सूर्यकुमार यादव, नमन धीर सहित अन्य खिलाड़ी भारी सुरक्षा के बीच एयरपोर्ट से सीधे होटल रवाना हुए। एयरपोर्ट पर फैंस ने खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। हालांकि कप्तान हार्दिक पंड्या टीम के साथ नहीं पहुंचे हैं। ऐसे में उनके समय पर नहीं जुड़ने की स्थिति में सूर्यकुमार यादव के कप्तानी संभालने की संभावना जताई जा रही है। टीम फिलहाल मेफेयर लेक रिज़ॉर्ट में ठहरी हुई है।
विराट कोहली के साथ 9 मई को रायपुर पहुंचेगी RCB
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम 9 मई को विराट कोहली के साथ रायपुर पहुंचेगी। टीम यहां पांच दिनों तक रुककर दोनों मुकाबलों की तैयारी करेगी।
गर्मी को ध्यान में रखते हुए खिलाड़ियों का अभ्यास सत्र शाम के समय रखा गया है। सुरक्षा कारणों से अभ्यास सत्र में दर्शकों की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित कर दी गई है। होटल परिसर में भी फैंस के प्रवेश पर रोक लगाई गई है।
स्टेडियम और होटल में सुरक्षा के कड़े इंतजाम
प्रशासन ने दोनों टीमों की सुरक्षा और गोपनीयता को ध्यान में रखते हुए व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। स्टेडियम और होटल परिसर में आम लोगों की एंट्री सीमित कर दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां लगातार निगरानी कर रही हैं ताकि मैचों के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।