

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Raipur IPL Match: Virat-Rohit's battle will be a glamorous affair, with the Ambani family and other celebrities in attendance.
रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक बार फिर आईपीएल का रोमांच लौट आया है। करीब 10 साल बाद शहर को आईपीएल मैचों की मेजबानी मिली है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में 10 और 13 मई को होने वाले मुकाबलों के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
विराट-रोहित के फैंस से भरेगा स्टेडियम
रविवार, 10 मई को होने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और मुंबई इंडियंस आमने-सामने होंगे। इस हाई-वोल्टेज मैच में स्टार बल्लेबाज विराट कोहली और रोहित शर्मा के फैंस बड़ी संख्या में स्टेडियम पहुंचने वाले हैं।
बॉलीवुड और अंबानी परिवार के पहुंचने की संभावना
मैच को लेकर सिर्फ क्रिकेट फैंस ही नहीं, बल्कि सेलिब्रिटी जगत में भी उत्साह है। बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा और रोहित शर्मा की पत्नी रितिका सजदेह के मैच देखने पहुंचने की संभावना जताई जा रही है। वहीं मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी को सपोर्ट करने के लिए अंबानी परिवार के भी रायपुर आने के आसार हैं। इसके अलावा कई बॉलीवुड हस्तियां भी स्टेडियम में नजर आ सकती हैं।
सुरक्षा के लिए हाई अलर्ट, 1500 जवान तैनात
आईपीएल मैचों को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को अभूतपूर्व बनाया गया है। मुख्य सचिव विकासशील की हाईलेवल बैठक के बाद सुरक्षा तैयारियां तेज कर दी गई हैं। सुरक्षा व्यवस्था में 8 आईपीएस अधिकारी, 20 राजपत्रित अधिकारी और करीब 1500 पुलिस जवान तैनात किए गए हैं।
डीआईजी गिरजाशंकर जायसवाल को सुरक्षा प्रभारी नियुक्त किया गया है, जो आईजी अमरेश मिश्रा के मार्गदर्शन में सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए 300 से अधिक अतिरिक्त जवानों की ड्यूटी लगाई गई है।
स्टेडियम पहुंचने के लिए बनाए गए 5 प्रमुख रूट
दर्शकों की सुविधा के लिए स्टेडियम तक पहुंचने हेतु 5 प्रमुख मार्ग तय किए गए हैं। स्टेडियम में प्रवेश के लिए कुल 12 गेट बनाए गए हैं, जबकि पैवेलियन दर्शकों के लिए 3 अलग गेट रहेंगे।
इन मार्गों से पहुंच सकेंगे दर्शक:
रायपुर शहर से आने वाले दर्शक तेलीबांधा, सेरीखेड़ी ओवरब्रिज और नवा रायपुर मार्ग से स्टेडियम पहुंचेंगे।
बिलासपुर, बलौदाबाजार और खरोरा से आने वाले वाहन रिंग रोड-3 और मंदिरहसौद होते हुए पहुंचेंगे।
दुर्ग-भिलाई से आने वाले दर्शकों के लिए टाटीबंध और तेलीबांधा मार्ग तय किया गया है।
धमतरी और जगदलपुर से आने वाले वाहन अभनपुर और मंत्रालय चौक मार्ग का उपयोग करेंगे।
महासमुंद और सरायपाली से आने वाले वाहन आरंग मार्ग से सीधे स्टेडियम टर्निंग तक पहुंच सकेंगे।
अलग-अलग स्थानों पर पार्किंग व्यवस्था
दर्शकों की सुविधा के लिए साई अस्पताल, सेंध तालाब, परसदा और कोसा क्षेत्र में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। वहीं ए से जी श्रेणी के पास धारकों के लिए अलग VIP रूट और पार्किंग व्यवस्था निर्धारित की गई है।
राजधानी में क्रिकेट का उत्सव जैसा माहौल
आईपीएल मुकाबलों को लेकर रायपुर में उत्सव जैसा माहौल बन गया है। होटल, रेस्टोरेंट और शहर के प्रमुख इलाकों में क्रिकेट फैंस की भीड़ बढ़ने लगी है। लंबे इंतजार के बाद रायपुर में आईपीएल की वापसी ने खेल प्रेमियों का उत्साह दोगुना कर दिया है।