

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

In Korba, an elephant suddenly emerged from the bushes and attacked a tractor; it lifted the vehicle with its trunk, slammed it down, and crushed it under its feet.
कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथियों को जंगल की ओर भगाने की कोशिश ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित होते-होते बची। 11 हाथियों के झुंड को खदेड़ने पहुंचे ग्रामीणों पर अचानक एक हाथी ने हमला कर दिया। अपनी जान बचाने के लिए ग्रामीण ट्रैक्टर छोड़कर मौके से भाग निकले। इसके बाद गुस्साए हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया और पैरों से कुचलकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।घटना कुदमुरा वन परिक्षेत्र के जिल्गा गांव की है। सोमवार सुबह कुछ ग्रामीण ट्रैक्टर लेकर जंगल पहुंचे थे। उनका इरादा ट्रैक्टर की तेज आवाज से हाथियों को आबादी वाले इलाके से दूर जंगल की ओर भगाने का था। इसी दौरान झाड़ियों से अचानक एक हाथी निकला और ट्रैक्टर की तरफ दौड़ पड़ा। हाथी का आक्रामक रुख देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह जिल्गा गांव के कुछ लोग सुखनंदन सिंह राठिया के ट्रैक्टर में सवार होकर जंगल पहुंचे थे। ग्रामीण ट्रैक्टर की आवाज से हाथियों को भगाने का प्रयास कर रहे थे। तभी झाड़ियों के बीच मौजूद एक हाथी अचानक बाहर निकला और सीधे ट्रैक्टर की ओर बढ़ने लगा।हाथी को हमला करते देख ग्रामीणों ने वाहन छोड़ दिया और अलग-अलग दिशाओं में भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद हाथी ने ट्रैक्टर को सूंड से उठाकर जोर से पटका और पैरों से कुचलना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में ट्रैक्टर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हाथी के हमले के बाद ग्रामीण सुरक्षित गांव लौटे और ट्रैक्टर मालिक को पूरी घटना की जानकारी दी। बाद में एक अन्य किसान का ट्रैक्टर लेकर ग्रामीण दोबारा घटनास्थल पहुंचे। उसकी मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को खींचकर गांव लाया गया।इस दौरान कुछ ग्रामीणों ने अपने मोबाइल फोन में हाथी के हमले का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। अब यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना ने इलाके में हाथियों की मौजूदगी और ग्रामीणों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।
बताया जा रहा है कि 11 हाथियों का झुंड धरमजयगढ़ वन क्षेत्र की सीमा पार कर जिल्गा के जंगल में पहुंचा था। हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों में आने और खेतों में लगी धान की फसल को नुकसान पहुंचाने की आशंका के चलते ग्रामीण उन्हें जंगल की ओर खदेड़ना चाहते थे।हालांकि, हाथियों को खुद भगाने की कोशिश के दौरान यह घटना हो गई। वन विभाग ने ग्रामीणों को ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की हिदायत दी है।
वन विभाग की जानकारी के मुताबिक, जिल्गा के अलावा कुदमुरा के जंगल में भी एक हाथी विचरण कर रहा है। वहीं, करतला वन परिक्षेत्र में छह हाथियों का झुंड मौजूद है। विभागीय टीमें इन सभी हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग ने देर शाम टीम को जिल्गा के जंगल में भेजा। ग्रामीणों को मुनादी के जरिए सतर्क किया गया है। उन्हें जंगल की ओर नहीं जाने और हाथियों को अपने स्तर पर भगाने का प्रयास नहीं करने की समझाइश दी गई है।
वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगली हाथियों के सामने जाना या उन्हें शोर और वाहनों के जरिए भगाने की कोशिश करना बेहद खतरनाक हो सकता है। हाथी अचानक आक्रामक होकर हमला कर सकते हैं। ऐसे में ग्रामीणों को जंगल और हाथियों की आवाजाही वाले रास्तों से दूरी बनाए रखने की सलाह दी गई है।