

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

India-US trade deal to be sealed; President Donald Trump to visit India in early 2027.
नई दिल्ली। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप एक बार फिर भारत दौरे पर आने की तैयारी में हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने घोषणा की है कि राष्ट्रपति ट्रंप वर्ष 2027 की शुरुआत में भारत का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच बहुप्रतीक्षित भारत-अमेरिका ट्रेड डील पर अंतिम मुहर लग सकती है। यह ट्रंप का दूसरा भारत दौरा होगा। इससे पहले वह फरवरी 2020 में अहमदाबाद और दिल्ली की यात्रा पर आए थे।
मार्को रुबियो ने कहा कि वह राष्ट्रपति ट्रंप के भारत दौरे को अंतिम रूप देने के लिए स्वयं भारत आएंगे। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच लंबे समय से प्रस्तावित व्यापार समझौते को जल्द से जल्द फाइनल करने पर व्यापक चर्चा होगी।
रुबियो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच करीबी व्यक्तिगत संबंध भारत-अमेरिका साझेदारी की सबसे मजबूत नींव हैं। उनके मुताबिक दोनों नेताओं की सोच कई वैश्विक मुद्दों पर एक जैसी है। उन्होंने पीएम मोदी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भारत एक उभरती हुई वैश्विक शक्ति के रूप में सामने आया है और दोनों देशों के संबंध आने वाले वर्षों में नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकते हैं।
अमेरिकी विदेश मंत्री ने भारत की ऊर्जा क्षमता की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शामिल है, जिनके पास भारी कच्चे तेल को रिफाइन करने की बड़ी क्षमता है। उन्होंने बताया कि अमेरिका, भारत और वेनेजुएला कच्चे तेल की आपूर्ति बढ़ाने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं।
रुबियो ने अमेरिका की वीजा नीति में संभावित बदलावों को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि प्रस्तावित बदलावों का उद्देश्य भारत को निशाना बनाना नहीं है और दोनों देशों के बीच लोगों के आवागमन और सहयोग को लेकर सकारात्मक दृष्टिकोण बना रहेगा।
भारत और अमेरिका के बीच आर्थिक संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं। वर्ष 2025 में दोनों देशों के बीच कुल व्यापार लगभग ₹12.54 लाख करोड़ रहा। इसमें भारत ने अमेरिका को करीब ₹8 लाख करोड़ का निर्यात किया, जबकि अमेरिका से भारत ने लगभग ₹4.6 लाख करोड़ का आयात किया। माना जा रहा है कि प्रस्तावित ट्रेड डील के बाद दोनों देशों के व्यापार और निवेश संबंधों को नई गति मिलेगी।