

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Issue of offensive remarks against female lawyers escalates; both sides file complaints at the police station.
रायपुर। सावन और रक्षाबंधन उत्सव के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में शामिल होने को लेकर महिला अधिवक्ताओं पर एक पुरुष अधिवक्ता द्वारा कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के विरोध में बुधवार को लगातार दूसरे दिन कोर्ट परिसर में हंगामा हुआ। आरोपित अधिवक्ता द्वारा माफी नहीं मांगने से नाराज महिला अधिवक्ताओं ने जिला अधिवक्ता संघ और पुलिस थाने में लिखित शिकायत दी है। वहीं, अधिवक्ता राजेश्वर सैनिक ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ थाने में आवेदन दिया है।
राज्य विधिज्ञ परिषद के उपाध्यक्ष की ओर से 16 अगस्त को शंकर नगर स्थित सिंधु पैलेस में महिला अधिवक्ताओं के लिए सावन और रक्षाबंधन उत्सव का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में खेलकूद के साथ संगीत और नृत्य सहित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित की गई थीं। बड़ी संख्या में महिला अधिवक्ताओं ने इसमें हिस्सा लिया था।
आरोप है कि मंगलवार को महिला अधिवक्ताओं के कोर्ट परिसर स्थित कक्ष क्रमांक-104 पहुंचने पर अधिवक्ता राजेश्वर सैनिक ने कार्यक्रम में उनके नृत्य को लेकर कथित तौर पर अशोभनीय टिप्पणी की। महिला अधिवक्ताओं ने जब उन्हें समझाने का प्रयास किया, तो आरोप है कि उन्होंने अपनी बात वापस नहीं ली। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
विवाद बढ़ने की जानकारी मिलते ही कोर्ट परिसर में 100 से अधिक अधिवक्ता एकत्रित हो गए। स्थिति बिगड़ती देख वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने हस्तक्षेप करते हुए दोनों पक्षों को समझाने और विवाद शांत कराने का प्रयास किया। हालांकि, महिला अधिवक्ताओं ने आरोपित अधिवक्ता से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग जारी रखी।
माफी नहीं मांगने पर आक्रोशित महिला अधिवक्ताओं ने जिला अधिवक्ता संघ के साथ-साथ पुलिस थाने में भी लिखित शिकायत दी है। दूसरी ओर, अधिवक्ता राजेश्वर सैनिक ने भी दूसरे पक्ष के खिलाफ पुलिस थाने में आवेदन दिया है। दोनों पक्षों की शिकायतों के बाद मामला और गंभीर हो गया है।