

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Jabalpur Fire: Massive blaze in a slum settlement; 50 shanties reduced to ashes, over 50 families left homeless; chaos ensues.
जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में देर रात एक भीषण अग्निकांड से हड़कंप मच गया। गोहलपुर थाना क्षेत्र के गाजी नगर स्थित झुग्गी बस्ती में रात करीब 2:30 बजे अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और करीब 50 झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में 50 से अधिक परिवारों का आशियाना उजड़ गया। हालांकि, राहत की बात यह है कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, हादसे के वक्त बस्ती के लोग गहरी नींद में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक एक झुग्गी में आग भड़क उठी। तेज हवा के कारण आग तेजी से आसपास की झोपड़ियों तक फैल गई। करीब 350 परिवारों वाली इस घनी बस्ती में आग लगते ही चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों और बुजुर्गों को लेकर जान बचाने के लिए घरों से बाहर भागे।
आग इतनी भीषण थी कि प्रभावित परिवारों को अपना सामान तक निकालने का मौका नहीं मिला। करीब 50 परिवारों के कपड़े, राशन, बर्तन, नकदी और जरूरी दस्तावेज जलकर राख हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां, पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
पूर्व पार्षद ताहिर अली के मुताबिक, इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई है, लेकिन करीब 50 परिवारों का सबकुछ जलकर खाक हो गया। त्योहार के समय और ठंड के मौसम में इन परिवारों के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रभावित परिवारों के लिए भोजन और तत्काल राहत की व्यवस्था की जा रही है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन की टीम मामले की जांच में जुटी है। वहीं, प्रशासन प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने की कोशिश कर रहा है।