

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Jio Platforms makes a stellar stock market debut; company's value rises by Rs 2.76 lakh crore on the very first day.
मुंबई। रिलायंस समूह की डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड ने बुधवार को शेयर बाजार में शानदार शुरुआत की। कंपनी के शेयर लिस्टिंग के दिन ही 26.66% चढ़ गए। इस तेजी के साथ जियो का बाजार पूंजीकरण आईपीओ के समय के करीब 10.3 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 13.06 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। यानी एक ही कारोबारी दिन में कंपनी के बाजार मूल्य में लगभग 2.76 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ।जारी आंकड़ों के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार में किसी कंपनी की लिस्टिंग के पहले दिन बाजार मूल्य में यह सबसे बड़ी बढ़ोतरी बताई गई है। जियो के शेयर 1,119 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले 1,358 रुपये पर सूचीबद्ध हुए। कारोबार के दौरान शेयर 27.23% की तेजी के साथ 1,423.80 रुपये के उच्चतम स्तर तक पहुंचे। अंत में 26.66% की बढ़त के साथ 1,417.35 रुपये पर बंद हुए।इस शानदार शुरुआत के बाद जियो देश की दूसरी सबसे मूल्यवान सूचीबद्ध कंपनी और बाजार पूंजीकरण के लिहाज से सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बन गई। उसने बाजार मूल्य के मामले में भारती एयरटेल को पीछे छोड़ दिया।
जियो की लिस्टिंग का असर कंपनियों के साथ कारोबारी समूहों की रैंकिंग पर भी पड़ा। रिलायंस समूह बाजार मूल्य के लिहाज से टाटा समूह से आगे निकलकर देश का सबसे मूल्यवान कारोबारी समूह बन गया।जियो प्लेटफॉर्म्स और रिलायंस इंडस्ट्रीज का संयुक्त बाजार पूंजीकरण करीब 28.72 लाख करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके मुकाबले टाटा समूह का बाजार मूल्य लगभग 25 लाख करोड़ रुपये बताया गया है। पिछले एक दशक के अधिकांश समय में टाटा समूह इस मामले में शीर्ष स्थान पर रहा था।
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग ने बड़े आकार के आईपीओ को लेकर बाजार में बने एक पुराने रुझान को बदला। इससे पहले कई बड़े आईपीओ की लिस्टिंग के दिन निवेशकों को नुकसान उठाना पड़ा था, लेकिन जियो के शेयरों ने पहले ही दिन 21% से अधिक का लिस्टिंग लाभ दिया।
कंपनी और वर्ष IPO का आकार (₹ करोड़) इश्यू प्राइस (₹) लिस्टिंग प्राइस (₹) लिस्टिंग रिटर्न
जियो प्लेटफॉर्म्स (2026) 30,188 1,119 1,358 +21.36%
NSE (2026) 22,569 1,785 1,800 +0.84%
हुंडई मोटर (2024) 27,870 1,960 1,934 -1.33%
LIC (2022) 21,000 949 867 -8.64%
पेटीएम (2021) 18,300 2,150 1,950 -9.30%
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग से पहले आयोजित कार्यक्रम में आकाश अंबानी, ईशा अंबानी और अनंत अंबानी ने संबोधित किया। इस दौरान रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी भावुक हो गए। उनकी आंखों में आंसू आ गए और पत्नी नीता अंबानी उन्हें संभालती नजर आईं।अनंत अंबानी ने जियो की यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि इस सपने का बीज ईशा ने बोया और आकाश ने इसे अपना सपना बनाया। उन्होंने कहा कि देशभर से जियो को लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिला। अनंत ने अपनी मां के शब्दों का उल्लेख करते हुए कहा, मां ने कहा जियो मेरे लाल और दादी ने कहा जुग-जुग जियो। दोस्तों ने भी जियो यार कहकर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जियो ऐसा नाम है, जो अपने आप में आशीर्वाद का भाव रखता है।अनंत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के विजन ने जियो को उसका उद्देश्य दिया और कंपनी उनके मार्गदर्शन व सहयोग के लिए आभारी है।
लिस्टिंग के बाद बाजार पूंजीकरण के आधार पर देश की सबसे मूल्यवान कंपनियों की सूची में जियो प्लेटफॉर्म्स दूसरे स्थान पर पहुंच गई। उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, शीर्ष पांच कंपनियों का बाजार मूल्य इस प्रकार रहा:
रिलायंस इंडस्ट्रीज ₹15.67 लाख करोड़
जियो प्लेटफॉर्म्स ₹13.05 लाख करोड़
भारती एयरटेल ₹12.16 लाख करोड़
HDFC बैंक ₹10.58 लाख करोड़
ICICI बैंक ₹9.86 लाख करोड़
जियो प्लेटफॉर्म्स की लिस्टिंग के बाद वैश्विक टेलीकॉम कंपनियों के बीच भी उसकी स्थिति मजबूत हुई। उपलब्ध आंकड़ों में बाजार पूंजीकरण के आधार पर जियो को दुनिया की छठी सबसे मूल्यवान टेलीकॉम कंपनी बताया गया।
चाइना मोबाइल 221
टी-मोबाइल 182
AT&T 157
ड्यूश टेलीकॉम 141
जियो प्लेटफॉर्म्स 131
जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों में पहले दिन दोनों प्रमुख एक्सचेंजों पर 26 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। शेयरों का डिलीवरी प्रतिशत भी 70% से ऊपर रहा, जो लिस्टिंग के दिन निवेशकों की सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है।