

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Massive explosion in an ambulance in Pakistan; 8 dead, including a pregnant woman and a newborn.
नई दिल्ली। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के थारपारकर जिले में बुधवार रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां स्वास्थ्य केंद्र के बाहर खड़ी एंबुलेंस में भीषण विस्फोट हो गया। इस घटना में गर्भवती महिला, नवजात शिशु और स्वास्थ्य कर्मियों समेत 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि कम से कम 4 से 5 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर बदलने या फिट करने के दौरान अचानक धमाका हुआ, जिसके बाद वाहन में आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना थारपारकर जिले के डैनो धंडल स्थित बेसिक हेल्थ यूनिट (BHU) में रात करीब 10 बजे हुई। बताया जा रहा है कि स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी एंबुलेंस में ऑक्सीजन सिलेंडर बदल रहे थे, तभी सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और एंबुलेंस आग की लपटों में घिर गई।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, हेल्थ इमरजेंसी, रेस्क्यू 1122 और नगर अधिकारियों की टीमें मौके पर पहुंचीं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। हादसे में मारे गए लोगों के शव बुरी तरह जल जाने के कारण उनकी पहचान करने की प्रक्रिया जारी है।
थारपारकर के असिस्टेंट कमिश्नर के मुताबिक, मृतकों में स्वास्थ्य केंद्र के चार कर्मचारी, एक महिला और एक नवजात शिशु शामिल हैं। वहीं, सिंध प्रांत के गृह एवं कानून मंत्री ने घटना का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। फिलहाल हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी में ऑक्सीजन सिलेंडर को विस्फोट की वजह बताया जा रहा है।