

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Kolkata flight operated for one day, then suspended—it failed to take off despite 42 tickets being booked.
बिलासपुर। बिलासपुर से कोलकाता के बीच हवाई सेवा यात्रियों के लिए फिर परेशानी का कारण बन गई है। 37 दिन तक बंद रहने के बाद 25 अक्टूबर को इस रूट पर उड़ान दोबारा शुरू की गई, लेकिन यह केवल एक दिन ही संचालित हो सकी। अगले दिन के लिए 42 यात्रियों की बुकिंग होने के बावजूद विमान ने उड़ान नहीं भरी।डीजीसीए के विंटर शेड्यूल में समय बदलने के बाद शुरू हुई इस सेवा के पहले दिन 36 यात्रियों ने सफर किया था। इसके बावजूद अगले दिन से संचालन रोक दिया गया। अब छत्तीसगढ़ एविएशन विभाग इस उड़ान को हैदराबाद से जोड़ने की बात कह रहा है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब सेवा दोबारा शुरू की गई और यात्रियों ने टिकट भी बुक कराए, तो इसे नियमित रूप से क्यों नहीं चलाया गया?
कोलकाता रूट पर उड़ान बंद होने और दोबारा शुरू करने का यह पहला मामला नहीं है। 12 अगस्त 2026 को सुबह संचालित होने वाली फ्लाइट का समय बदलकर दोपहर कर दिया गया था। उस समय सुबह की उड़ान में औसतन 45 से 50 यात्री सफर कर रहे थे।इसके बाद 18 सितंबर को कम यात्री मिलने का हवाला देकर सेवा बंद कर दी गई। तब कहा गया था कि विंटर शेड्यूल में इसे फिर शुरू किया जाएगा। तय कार्यक्रम के अनुसार 25 अक्टूबर को उड़ान शुरू हुई, लेकिन अगले ही दिन से इसका संचालन नहीं हो सका।
पूर्व केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया की घोषणा के करीब छह महीने बाद 4 जून 2022 को बिलासपुर-भोपाल उड़ान शुरू हुई थी। नियमित संचालन के बावजूद एलायंस एयर ने यात्रियों की कमी का हवाला देकर सितंबर 2022 में इसे बंद कर दिया।
इंदौर: पांच महीने बाद संचालन बंद
बिलासपुर-इंदौर उड़ान 3 अक्टूबर 2022 को शुरू हुई थी। पर्याप्त यात्री नहीं मिलने की बात कहते हुए एलायंस एयर ने 4 मार्च 2023 को इस रूट पर सेवा बंद कर दी।
अंबिकापुर: तीन महीने से बंद है 18 सीटर विमान
फ्लाई बिग की 18 सीटर विमान सेवा खराब रोशनी का हवाला देकर पिछले तीन महीने से बंद है। एयरपोर्ट प्रबंधन के पास भी इसके दोबारा शुरू होने को लेकर स्पष्ट जानकारी नहीं है।
कम यात्री मिलने का हवाला देकर बिलासपुर से जगदलपुर और जबलपुर की उड़ानें भी बंद कर दी गईं। जबलपुर रूट पर यात्रियों का अच्छा रिस्पॉन्स मिलने के बावजूद एलायंस एयर ने संचालन जारी नहीं रखा।
बिलासपुर एयरपोर्ट के डायरेक्टर बीरेन सिंह ने कहा कि उन्हें कोलकाता उड़ान बंद होने की जानकारी एलायंस एयर से मिली है। इस संबंध में उन्हें पहले जानकारी नहीं थी।वहीं, छत्तीसगढ़ एविएशन विभाग के मुकेश बंसल ने कहा कि कोलकाता उड़ान को हैदराबाद से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उनके मुताबिक, उड़ान बंद नहीं हुई है, बल्कि उसका संचालन जारी है।