

Copyright © 2026 rights reserved by Inkquest Media
अन्य समाचार

Laying the foundation for a new-look Kawardha: A 4-lane road to be built at a cost of ₹54 crore, with grand entrance gates at both ends.
कवर्धा, 24 सितंबर 2026। कवर्धा शहर में प्रवेश करते ही अब शहर का नया और आधुनिक स्वरूप नजर आएगा। राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर करीब 54 करोड़ रुपए की लागत से 7.8 किलोमीटर लंबी सड़क को 4 लेन में विकसित किया जाएगा। इसके साथ ही रायपुर और बिलासपुर की ओर शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर भव्य प्रवेश द्वार भी बनाए जाएंगे। प्रवेश द्वारों के डिजाइन में कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को प्रमुखता दी जाएगी।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव और उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा ने गुरुवार को नए मंडी परिसर में इस सड़क निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया। प्रस्तावित 4 लेन सड़क चंद्रयान हॉस्पिटल से शुरू होकर कवर्धा शहर के प्रमुख हिस्सों से गुजरते हुए जोराताल के आगे तक विकसित की जाएगी। सड़क के बीच डिवाइडर का भी निर्माण होगा।
शहर के दोनों प्रवेश मार्गों पर दिखेगी कवर्धा की पहचान
प्रस्तावित प्रवेश द्वार कवर्धा की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को ध्यान में रखकर तैयार किए जाएंगे। इससे रायपुर-बिलासपुर मार्ग से शहर में प्रवेश करने वाले लोगों को कवर्धा की पहचान और विरासत की झलक देखने को मिलेगी। जनप्रतिनिधियों के मुताबिक, 4 लेन सड़क और प्रवेश द्वारों के निर्माण से शहर का स्वरूप बदलने के साथ आवागमन की सुविधा भी बेहतर होगी।

कवर्धा समेत आसपास के नगरीय क्षेत्रों को मिली कई सौगात
अरुण साव ने कवर्धा नगर पालिका में सामुदायिक भवन और मटन मार्केट के लिए 3.50 करोड़ रुपए, नगर पंचायत बोड़ला में बाजार विस्थापन के लिए 1.50 करोड़ रुपए, सहसपुर लोहारा के बाधांटोला में गौरव पथ के लिए 1.50 करोड़ रुपए और नगर पंचायत पिपरिया के खेल मैदान के लिए 1.50 करोड़ रुपए के विकास कार्यों की घोषणा की।

इसके अलावा क्षेत्र में विभिन्न सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की भी घोषणा की गई।
‘जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च हो रहा’
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि सरकार विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लक्ष्य के साथ काम कर रही है। सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में लोक निर्माण विभाग में 12,666 करोड़ रुपए की प्रशासकीय स्वीकृति जारी की गई है।

साव ने कहा कि विकास कार्यों के लिए सरकार के पास संसाधनों की कमी नहीं है और जनता का पैसा जनता के विकास पर खर्च किया जा रहा है। गांवों से लेकर शहरों तक विकास कार्यों की गति बढ़ी है।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, धान खरीदी, पुराने बोनस के भुगतान, महतारी वंदन योजना, तेंदूपत्ता पारिश्रमिक में वृद्धि और पीएससी मामले की सीबीआई जांच सहित सरकार की ओर से किए गए विभिन्न कार्यों का भी उल्लेख किया।
कवर्धा में करीब 140 करोड़ के विकास कार्य
विजय शर्मा ने बताया कि कवर्धा में लगभग 140 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें सड़क, शिक्षा, शहर के विकास और धार्मिक-पर्यटन स्थलों से जुड़े काम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि 54 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 4 लेन सड़क के तहत रायपुर और बिलासपुर मार्ग की ओर लगभग 3-3 किलोमीटर सड़क का विकास किया जाएगा।
इसके अलावा कवर्धा में 4.5 करोड़ रुपए की लागत से नालंदा परिसर बनाया जा रहा है, जहां 24 घंटे पुस्तकालय और डिजिटल लाइब्रेरी की सुविधा उपलब्ध होगी। नए बस स्टैंड को शुरू करने के लिए 10 करोड़ रुपए की लागत से घोटिया रोड का निर्माण किया गया है।

भोरमदेव परिसर के विकास के लिए 1.46 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसके साथ ही तालाब परिसर, उद्यान, मेला स्थल, छेरकी महल, रामचुआ और सरोधा क्षेत्र में भी विकास कार्य किए जा रहे हैं।
प्रवेश द्वार को बताया विकास का प्रतीक
सांसद संतोष पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा में बनने वाले दोनों भव्य प्रवेश द्वार केवल शहर की पहचान नहीं होंगे, बल्कि विकास के द्वार के रूप में भी सामने आएंगे। 54 करोड़ रुपए की 4 लेन सड़क से शहर का स्वरूप बदलने के साथ आवागमन की सुविधा बेहतर होगी।
उन्होंने क्षेत्र में सड़क, रेलवे और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विस्तार का भी उल्लेख किया। कटघोरा-डोंगरगढ़ रेल लाइन सहित विभिन्न परियोजनाओं से क्षेत्र के विकास को गति मिलने की बात कही।

भूमिपूजन कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, राजेंद्र चंद्रवंशी, पुलिस प्राधिकरण के सदस्य भगत पटेल, कलेक्टर तुलिका प्रजापति, पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।